KANKER NEWS. कांकेर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही ने जान ले ली। गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हाईवे पर कई घंटों तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। हादसा ग्राम रतेसरा के पास तड़के करीब 3 बजे हुआ, जब दो भारी ट्रक आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। यह मामला चारामा थाना क्षेत्र का है।

हादसे के बाद नेशनल हाईवे-30 पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई। सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने यातायात बहाल कराया। सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम और चारामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने जेसीबी और अन्य भारी मशीनों की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटवाया। इसके बाद धीरे-धीरे ट्रैफिक सामान्य किया जा सका। पुलिस के मुताबिक, हादसे में मारे गए तीनों लोगों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।

गौरतलब है कि इसी स्थान पर दो दिन पहले भी एक युवक की कार की चपेट में आने से मौत हो चुकी है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने इस मार्ग की सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि NH-30 के इस हिस्से में रफ्तार नियंत्रण और सुरक्षा उपायों की सख्त जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।




































