BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर रविवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक मजदूर को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने मुआवजे और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हाईवे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे करीब 6 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।

मृतक की पहचान मिलनदास (55 वर्ष), निवासी ग्राम करतला के रूप में हुई है। बताया गया कि वह रविवार रात काम निपटाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रत्नपुर-पाली के बीच नेशनल हाईवे पार करते समय तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे चपेट में ले लिया। ट्रेलर के पहियों के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के तुरंत बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और मुआवजा व आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नेशनल हाईवे जाम कर दिया।

6 किलोमीटर तक लगा जाम
चक्का जाम के कारण हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। करीब 6 किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही। यात्रियों और वाहन चालकों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद रत्नपुर एसडीओपी निलेश पांडेय और अतिरिक्त एसपी ग्रामीण अर्चना झा भी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाइश दी, लेकिन परिजन मुआवजे की मांग पर अड़े रहे।

मुआवजा मिलने के बाद शांत हुआ मामला
पुलिस की समझाइश के बाद भी जब मामला शांत नहीं हुआ तो राजस्व अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन द्वारा परिजनों को मुआवजा राशि दिए जाने और कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद परिजनों ने चक्का जाम समाप्त किया। इसके बाद पुलिस टीम यातायात बहाल कराने में जुटी रही।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
जाम समाप्त होने के बाद पाली पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को सड़क से उठवाया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। एडिशनल एसपी अर्चना झा ने बताया कि ग्राम बगदेवा क्षेत्र में नेशनल हाईवे क्रॉस कर रहे शख्स को ट्रेलर ने चपेट में लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस द्वारा वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




































