BILASPUR NEWS. शहर में गुरुवार की देर शाम सरेराह लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मोपेड सवार दंपती को बाइक सवार दो युवकों ने निशाना बनाते हुए महिला के कंधे से पर्स झपट लिया और तेज रफ्तार से फरार हो गए। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सिविल लाइन क्षेत्र के अजय नगर निवासी राजीव कटकार, जो कि किराना व्यापारी हैं, अपनी पत्नी यशु कटकार के साथ गुरुवार की देर शाम मोपेड से बाजार जाने निकले थे। दोनों जैसे ही करबला स्थित अपनी किराना दुकान के पास पहुंचे, उसी दौरान भाजपा कार्यालय के पास बाइक सवार दो युवक उनका पीछा करने लगे।

शाम करीब 6:30 बजे बदमाशों ने मौका पाकर मोपेड के पीछे बैठी महिला यशु कटकार के कंधे पर लटके पर्स को झपट्टा मारकर छीन लिया और तेज रफ्तार से फरार हो गए। पर्स में नकदी, मोबाइल फोन, आधार कार्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे।

घटना के बाद पति-पत्नी ने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा किया, लेकिन बाइक सवार आरोपी तेज गति से आगे बढ़ते हुए गलियों में घुसकर फरार हो गए। आसपास मौजूद लोग भी बदमाशों को पकड़ नहीं सके। पीड़ित दंपती ने घटना की सूचना सिटी कोतवाली थाना प्रभारी देशेश सिंह राठौर को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संभावित रास्तों पर तलाश अभियान चलाया, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल सका।

पुलिस द्वारा आसपास के संस्थानों और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बाइक और आरोपियों की पहचान की जा सके। वहीं देर रात तक घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश की जाती रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और नागरिकों ने शाम के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।




































