JAGDALPUR NEWS. साप्ताहिक बाजार की ओर जा रही एक पिकअप के लिए आज का सफर आखिरी साबित हुआ। कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में तेज रफ्तार और तकनीकी खराबी ने मिलकर ऐसा हादसा रचा, जिसने कुछ ही पलों में तीन जिंदगियां छीन लीं। कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बुधवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। पीछे से आ रहे एक ट्रक ने पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पिकअप में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा दरभा थाना क्षेत्र में हुआ, जहां पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।

जानकारी के मुताबिक, पिकअप वाहन पखनार के साप्ताहिक बाजार की ओर जा रहा था। उसी दौरान उसी दिशा में पीछे से आ रहे ट्रक का अचानक ब्रेक फेल हो गया। चालक ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख पाया और ट्रक सीधे पिकअप वाहन से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया, जबकि ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद ट्रक चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही दरभा पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। कटर मशीन की मदद से चालक को बाहर निकालने की कोशिश जारी है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने बताया कि दोनों वाहन एक ही दिशा में चल रहे थे। पिकअप आगे थी और ट्रक पीछे से आ रहा था। ब्रेक फेल होने के कारण ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी, जिससे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर लंबा जाम लग गया। पुलिस मौके पर यातायात को नियंत्रित करने और मार्ग को जल्द बहाल करने में जुटी हुई है। मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।





































