BHILAI NEWS. ओडिशा के कटक में आयोजित 17वें कटक महोत्सव में भिलाई के ‘गीत वितान कला केन्द्र स्कूल ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स’ (रुआबांधा) के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए कुल 24 राष्ट्रीय पुरस्कार अपने नाम किए हैं। उत्कल युवा सांस्कृतिक संघ द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय नृत्य, संगीत, वादन और चित्रकला प्रतियोगिता में देशभर के कई राज्यों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था।

कला विकास केन्द्र सभागृह में आयोजित इस स्पर्धा में मणिपुर, पश्चिम बंगाल और असम जैसे राज्यों के कलाकारों के बीच भिलाई के बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया:
गायन: एकल, युगल और समूह गान में प्रथम व द्वितीय पुरस्कार।
वादन: सीनियर वर्ग गिटार वादन और सब-जूनियर बांसुरी वादन में प्रथम स्थान।
चित्रकला: सीनियर वर्ग में प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार।
कविता पाठ: एकल स्वर कविता पाठ (सीनियर वर्ग) में प्रथम, द्वितीय और तृतीय, तीनों पुरस्कार संस्थान के नाम रहे।

संयोजक मिथुन दास ‘राष्ट्रीय संगीत गुरु गौरव सम्मान’ से सम्मानित
इस अवसर पर संस्थान के संयोजक और सुप्रसिद्ध कलाकार नृत्यमणी मिथुन दास को उनके विशिष्ट योगदान के लिए ‘राष्ट्रीय संगीत गुरु गौरव सम्मान’ से नवाजा गया। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य रूप से चेयरपर्सन डॉ. राजश्री महापात्रा, ओडिसी नृत्यांगना डॉ. रश्मि महापात्रा, महोत्सव के अध्यक्ष विजय नन्दा सिंह और डायरेक्टर शिलादित्य रथ उपस्थित थे।

संस्थान ने दी बधाई
विद्यार्थियों की इस बड़ी उपलब्धि पर गीतवितान कला केन्द्र के अध्यक्ष रजनी सिन्हा, उपाध्यक्ष सोमेन कुण्डु, मुख्य संरक्षक नरेन्द्र कुमार बंछोर, सरसीज घोष और वी. के. मोहम्मद ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।




































