BOLLYWOOD NEWS. बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय और भरोसेमंद आवाज़ माने जाने वाले गायक अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। 38 वर्षीय अरिजीत ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए यह जानकारी साझा की, जिसके बाद संगीत जगत में हलचल मच गई।अरिजीत ने लिखा कि वर्षों से श्रोताओं ने उन्हें जो प्यार दिया, उसके लिए वे आभारी हैं। अब वे पार्श्व गायक के रूप में कोई नया प्रोजेक्ट नहीं लेंगे।

सिंगर अरिजीत ने इसे अपने करियर का शानदार सफर बताया। इससे पहले उन्होंने अपने निजी एक्स (ट्विटर) अकाउंट Atmojoarjalojo पर भी कई पोस्ट कर अपने फैसले के संकेत दिए थे। हालांकि, अरिजीत ने यह साफ किया कि वे संगीत से दूरी नहीं बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे एक स्वतंत्र कलाकार के तौर पर सीखते रहेंगे और अपने दम पर संगीत रचते रहेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ अधूरे प्रोजेक्ट अभी बाकी हैं, जिन्हें वे पूरा करेंगे, इसलिए इस साल उनके कुछ नए गाने श्रोताओं को सुनने को मिल सकते हैं।

रियलिटी शो से सुपरस्टार तक का सफर
अरिजीत सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2005 में रियलिटी शो फेम गुरुकुल से की थी। 2011 में फिल्म मर्डर 2 के गीत ‘फिर मोहब्बत’ से उन्हें पहचान मिली, लेकिन 2013 में आशिकी 2 का सुपरहिट गाना ‘तुम ही हो’ उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। इसके बाद अरिजीत ने ‘बिनते दिल’, ‘केसरिया’ सहित सैकड़ों यादगार गीत दिए।

रोमांटिक, दर्दभरे, सूफी और देशभक्ति गीतों में अपनी अलग पहचान बनाने वाले अरिजीत अब तक 300 से ज्यादा फिल्मों में आवाज दे चुके हैं। उन्हें दो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिले हैं और वर्ष 2025 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया। हिंदी के अलावा उन्होंने बंगाली, तमिल, तेलुगु, मराठी और कन्नड़ भाषाओं में भी गीत गाए हैं।

































