RAIPUR NEWS. जनसेवा, अनुशासन और साहसिक कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस के अफसरों और जवानों को गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। केंद्र सरकार ने इस संबंध में 25 अधिकारियों-कर्मियों के नामों की घोषणा कर दी है। केंद्रीय गृह विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार छत्तीसगढ़ पुलिस के महानिदेशक जेल हिमांशु गुप्ता समेत कुल 25 अफसर-कर्मियों को राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान किया जाएगा। सभी चयनित सम्मानितों को 26 जनवरी 2026 को रायपुर के पुलिस मैदान में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में राज्यपाल रमेन डेका द्वारा पदक प्रदान किए जाएंगे।

विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक से डीजी जेल हिमांशु गुप्ता को सम्मानित किया जाएगा। वहीं सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक पाने वालों में आईजी ध्रुव गुप्ता (अवि पीएचक्यू), डीआईजी प्रशांत ठाकुर (एसएसपी सूरजपुर), सेनानी 19वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल जगदलपुर श्वेता राजमणी, पुलिस अधीक्षक कोरिया रवि कुमार कुर्रे, निरीक्षक अ/स्टेनो पीएचक्यू कौशिल्या भट्ट सहित कई अधिकारी-कर्मी शामिल हैं।

इसके अलावा गुप्तवार्ता, विशेष शाखा, पीएचक्यू और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की विभिन्न वाहिनियों में पदस्थ निरीक्षक, कंपनी कमांडर, प्लाटून कमांडर और आरक्षकों को भी सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक दिया जाएगा। नक्सल प्रभावित सुकमा और दंतेवाड़ा जिलों में अदम्य साहस और बहादुरी का परिचय देने वाले 14 पुलिस अधिकारी-कर्मियों को राष्ट्रपति का वीरता पदक प्रदान किया जाएगा।

इसमें सुकमा के तीन शहीद पुलिसकर्मी एएसआई रामूराम नाग, आरक्षक कुंजाम जोगा, आरक्षक वंजाम भीमा को मरणोपरांत सम्मानित किया जाएगा। वीरता पदक पाने वालों में एसपी सुकमा सुनील शर्मा (हाल परिसहाय राजभवन), उपनिरीक्षक संदीप कुमार माडिले, आरक्षक मड़कम पाण्डू, मड़कम हड़मा, मड़कम देवा, बारसे हुंगाए, सहायक आरक्षक रोशन गुप्ता, सूरज कुमार मरकाम, आरक्षक माड़वी सन्नू (दंतेवाड़ा), कंपनी कमांडर 17वीं वाहिनी छसबल करोड़ सिंह एवं आरक्षक पुरुषोत्तम देवांगन शामिल हैं।




































