WASHINTON NEWS. अमेरिका में प्रवेश अब पहले से कहीं ज्यादा मुश्किल होने जा रहा है। राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकी खतरों का हवाला देते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने आव्रजन नियमों को और सख्त कर दिया है। नए फैसले के तहत कई देशों पर पूर्ण और आंशिक यात्रा प्रतिबंध लगाए गए हैं, जिससे ट्रैवल बैन झेलने वाले देशों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रैवल बैन का दायरा बढ़ाने से सात और देशों व फिलिस्तीनियों पर पूर्ण यात्रा प्रतिबंध लगा दिया गया है, जबकि 15 अन्य देशों के नागरिकों के लिए आंशिक प्रवेश पाबंदियां लागू की गई हैं।

व्हाइट हाउस की फैक्ट-शीट के मुताबिक यह नई व्यवस्था 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होगी। ट्रंप प्रशासन का कहना है कि यह कदम कमजोर वीजा जांच प्रक्रिया, अधिक वीजा ओवरस्टे मामलों और बढ़ते आतंकवादी खतरों को देखते हुए उठाया गया है। नए आदेश के बाद अमेरिका द्वारा यात्रा प्रतिबंध या एंट्री रेस्ट्रिक्शन झेलने वाले देशों की कुल संख्या 39 हो गई है। बता दें कि अमेरिका पहले ही अफगानिस्तान, म्यांमार, चाड, कांगो गणराज्य, इक्वेटोरियल गिनी, इरीट्रिया, हैती, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान और यमन के नागरिकों पर यात्रा प्रतिबंध लागू कर चुका है।

नए ऐलान के तहत बुर्किना फासो, माली, नाइजर, दक्षिण सूडान और सीरिया पर पूर्ण यात्रा प्रतिबंध लगाया गया है। इसके अलावा फिलिस्तीनी अथॉरिटी द्वारा जारी यात्रा दस्तावेज रखने वाले फिलिस्तीनियों को भी प्रतिबंधित सूची में शामिल किया गया है। नई नीति में ग्रीन कार्ड धारकों, मौजूदा वीजा होल्डर्स, राजनयिकों, खिलाड़ियों और राष्ट्रीय हित से जुड़े मामलों को छूट दी गई है। इसके अलावा विशेष परिस्थितियों में केस-बाय-केस आधार पर वेवर की व्यवस्था भी जारी रहेगी, हालांकि परिवार आधारित वीजा छूट को सीमित किया गया है।

ट्रंप प्रशासन का यह फैसला हालिया सुरक्षा घटनाओं के बाद लिया गया है। 26 नवंबर को वॉशिंगटन डीसी में नेशनल गार्ड के दो जवानों की हत्या एक अफगान नागरिक ने की थी, जिसे अमेरिका से सेना वापसी के बाद शरण दी गई थी। इसके अलावा 13 दिसंबर को सीरिया में इस्लामिक स्टेट के हमले में दो अमेरिकी सैनिकों और एक अमेरिकी नागरिक दुभाषिए की मौत हुई थी।

व्हाइट हाउस के मुताबिक कई देशों में सक्रिय आतंकी संगठनों, आंतरिक संघर्ष और वीजा ओवरस्टे की ऊंची दरों को इस फैसले का प्रमुख आधार बनाया गया है। बुर्किना फासो, माली, नाइजर और नाइजीरिया को आतंकवादी गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील बताया गया है, जबकि सीरिया को गृहयुद्ध के चलते विश्वसनीय नागरिक दस्तावेज जारी करने में अक्षम देश माना गया है।
इन देशों पर आंशिक पाबंदियां
अमेरिका ने अंगोला, एंटीगुआ और बारबुडा, बेनिन, कोट डी’आईवोर, डोमिनिका, गैबॉन, द गाम्बिया, मलावी, मॉरिटानिया, नाइजीरिया, सेनेगल, तंजानिया, टोंगा, जाम्बिया और जिम्बाब्वे के नागरिकों पर आंशिक प्रवेश प्रतिबंध लगाए हैं। वहीं बुरुंडी, क्यूबा, टोगो और वेनेजुएला पर पहले से लागू आंशिक प्रतिबंध जारी रहेंगे। इस बीच तुर्कमेनिस्तान को आंशिक राहत दी गई है, जहां गैर-आप्रवासी वीजा पर लगी पाबंदियां हटा ली गई हैं।


































