BILASPUR NEWS. सीपत स्थित NTPC प्लांट में ठेका श्रमिक सुरेश वस्त्रकार (43) की मौत के बाद हालात बिगड़ गए हैं। रेलवे ट्रैक पर मिला शव आत्महत्या की आशंका दर्शाता है, लेकिन परिजन और मजदूर इसे संदिग्ध बताते हुए प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। गुरुवार सुबह NTPC मटेरियल गेट पर सैकड़ों लोग जुट गए और जोरदार प्रदर्शन किया।

परिजनों ने आरोप लगाया कि NTPC प्रबंधन ने घटना की सूचना समय पर नहीं दी और पूरी जानकारी छिपाई। उनका कहना है कि बिना जानकारी दिए शव को अस्पताल भेज दिया गया, जिससे संदेह और बढ़ गया। घटना की खबर फैलते ही परिजन व ग्रामीण आक्रोशित होकर NTPC गेट पहुंच गए, जहां लोगों की भीड़ जुट गई और हंगामा शुरू हो गया।

मजदूरों और परिजनों ने उठाई मुआवजे की मांग
मजदूर संगठन और मृतक के परिजनों ने प्रबंधन पर मनमानी का आरोप लगाते हुए स्पष्ट कहा कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा राशि दी जाए, घटना की पारदर्शी जांच हो, प्रबंधन की लापरवाही सामने आए तो कार्रवाई की जाए। लगातार विरोध-प्रदर्शन के बाद NTPC प्रबंधन ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा की, लेकिन तनाव अभी भी बना हुआ है।

NTPC परिसर में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
हंगामा बढ़ने पर पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। अधिकारी भी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। परिवार और ग्रामीणों का आरोप है कि यदि प्रबंधन ने तुरंत सही जानकारी दी होती, तो स्थिति इतनी नहीं बिगड़ती।

पृष्ठभूमि—सुरेश ड्यूटी के बाद घर नहीं लौटा था
सुरेश बुधवार शाम लाइन-2 में काम पूरा कर ड्यूटी पॉइंट से निकला था। साथी कर्मचारी तो घर पहुंच गए, लेकिन वह रातभर घर नहीं लौटा।
परिजन देर रात 1 बजे NTPC पहुंचे, तब उन्हें बताया गया कि उसकी ट्रेन से कटकर मौत हो गई है और शव अस्पताल भेज दिया गया है।
जांच जारी
सीपत थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत आत्महत्या है, हादसा या किसी अन्य कारण से हुई है—इसे लेकर सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।




































