RAIPUR NEWS. नए साल से पहले ही भारतीय रेलवे ने यात्रियों को झटका दिया है। लंबी दूरी की मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के किराए में इजाफा कर दिया गया है। नॉन-एसी और एसी दोनों श्रेणियों में प्रति किलोमीटर 1 से 2 पैसे की बढ़ोतरी की गई है, जिसका असर खासतौर पर लंबी दूरी का सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। संशोधित किराया आज यानी 26 दिसंबर 2025 से लागू हो गया है।

रेलवे के मुताबिक इस बढ़ोतरी के बाद स्लीपर कोच में बिलासपुर-दिल्ली जैसे लंबे रूट पर यात्रा करने वालों को करीब 26 रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे, जबकि जनरल कोच में सफर करने वालों को लगभग 13 रुपये ज्यादा देने पड़ेंगे। हालांकि रेलवे ने साफ किया है कि यह बढ़ा हुआ किराया सिर्फ उन्हीं टिकटों पर लागू होगा, जो 26 दिसंबर या उसके बाद बुक किए गए हैं। पहले से आरक्षित टिकटों पर किसी तरह का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार नई किराया संरचना में छोटी दूरी के यात्रियों को राहत दी गई है। संशोधित किराया संरचना के तहत 215 किलोमीटर तक की द्वितीय श्रेणी साधारण यात्रा पर कोई वृद्धि नहीं की गई है, जिससे कम दूरी और दैनिक यात्रियों को राहत मिली है। 216 किलोमीटर से 750 किलोमीटर तक की दूरी के लिए किराया 5 रुपए बढ़ाया गया है, जबकि 751 से 1250 किमी पर 10 रुपए, 1251 से 1750 किमी पर 15 रुपए और 1751 से 2250 किमी पर 20 रुपए की बढ़ोतरी चरणबद्ध रूप से लागू होगी।

बिलासपुर से दिल्ली के बीच रोजाना और साप्ताहिक मिलाकर करीब 9–10 ट्रेनें चलती हैं, जिनमें राजधानी, संपर्क क्रांति, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, उत्कल एक्सप्रेस, हीराकुंड और हमसफर एक्सप्रेस प्रमुख हैं। इस रूट पर प्रतिदिन 5 से 7 हजार यात्री सफर करते हैं। ऐसे में किराए में हुई यह बढ़ोतरी यात्रियों की जेब पर सीधा असर डालेगी।

रेलवे का कहना है कि स्टेशनों पर किराया सूची को नई दरों के अनुसार अपडेट किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को सही जानकारी मिल सके। इसके साथ ही आरक्षण शुल्क, सुपरफास्ट चार्ज, जीएसटी और किराया राउंडिंग के नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।



































