NEW DELHI NEWS. भारतीय जनता पार्टी के नए कार्यकारी अध्यक्ष का ऐलान हो गया है। बिहार की एनडीए सरकार में मंत्री और छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन को भाजपा का नया कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने एक प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि पार्टी ने नितिन नबीन को नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है।

इसके पहले आज ही उत्तरप्रदेश के नए बीजेपी अध्यक्ष का ऐलान हो गया है। पंकज चौधरी सर्वसम्मति से यूपी बीजेपी के अध्यक्ष चुने गए है। कई महीनों से लग रही अटकलों पर आखिरकार आज विराम लग गया है। लखनऊ में पार्टी के चुनाव अधिकारी पीयूष गोयल ने इसका आधिकारिक ऐलान किया। चौधरी भूपेंद्र ने पार्टी का झंडा नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को सौंप दिया है। इस दौरान कार्यक्रम में सीएम योगी, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य के साथ विनोद तावड़े भी उपस्थित रहे।

बता दें कि केंद्रीय मंत्री और महाराजगंज से सात बार के लोकसभा सांसद पंकज चौधरी को रविवार को उत्तर प्रदेश भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया गया। यह ऐलान केंद्रीय मंत्री और यूपी के चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में किया।

आज ही पंकज चौधरी को नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण कराया गया। इस अवसर पर निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने पार्टी का झंडा पंकज चौधरी को सौंपा।

सांसद और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी कुर्मी समाज से आते हैं। उनकी नियुक्ति को 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले ओबीसी वोट बैंक को मजबूत करने की बीजेपी रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। यह कदम पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है और आने वाले चुनाव में संगठन को नई ऊर्जा और नेतृत्व प्रदान करने की उम्मीद जताई जा रही है।



































