BHILAI NEWS. युवक की गर्लफ्रेंड से अनबन क्या हुई भिलाई के शांतिनगर के एक युवक ने अपनी जान दे दी। आज शांतिनगर में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर लोगों ने एक युवक को फांसी के फंदे पर लटके देखा। वही सामने ही उसका मोबाइल भी रखा था। इधर लोगों ने पुलिस को इसकी खबर दी। जिसके बाद वैशालीनगर पुलिस वहां पहुंची और शव को नीचे उतारा।

युवक की पहचान शांतिनगर निवासी गणेश गुप्ता के रूप में की गई। जो गाड़ी वॉशिग का काम करता था। मृतक की मां ने बताया कि वह कुछ दिनों से परेशान था। कल उसने अपने बेटे को काफी समझाया और उसे अपने पास ही सुलाया, लेकिन रात में वह कब उठकर चला गया पता नहीं चला।

बताया जा रहा है कि गणेश का प्रेमप्रसंग चल रहा था और उसकी गर्लफ्रेंड के साथ कुछ अनबन चल रही थी। जिसके चलते उसने यह घातक कदम उठाया। बताया जा रहा है कि घटना स्थल पर मोबाइल एक जगह पर टिकाकर रखा हुआ मिला है। अंदेशा लगाया जा रहा है कि सुसाइ़ड के पहले उसने वीडियोकॉल किया होगा। फिलहाल पुलिस ने मोबाइल भी जब्त किया है और शव का पंचनामा कर मर्चुरी भेज दिया है।

कर्ज के बोझ और मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या
इसके पहले भी इसी महीने की 3 तारीख को भिलाई के पाटन थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने कर्ज के बोझ और मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या कर ली थी। मृतक अनिल मरकाम ने पहले एक सुसाइड नोट लिखा और फिर घर के कमरे में पंखे से लटककर अपनी जान दे दी। अनिल को पंखे पर झूलता देख परिजनों ने पाटन पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा सुसाइड नोट जब्त किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

एएसपी अभिषेक झा ने बताया कि पुलिस यह जांच कर रही है कि मृतक पर कितना कर्ज था और उसे कौन परेशान कर रहा था। सुसाइड नोट में अनिल ने लिखा कि वह अपने जीवन से बहुत परेशान था और इसी कारण यह कदम उठाने के लिए मजबूर हुआ। उसने अपने माता-पिता से क्षमा मांगते हुए लिखा कि वह कर्ज से परेशान था और कृपया उसके कर्ज माफ करने की व्यवस्था की जाए।




































