BILASPUR NEWS. शहर में शिक्षा की प्रतिस्पर्धा अब कक्षाओं से निकलकर सड़क पर मारपीट तक पहुँच गई है। तारबहार क्षेत्र स्थित आचार्य इंस्टीट्यूट के स्टाफ द्वारा एक होम ट्यूटर और उसकी पत्नी के साथ सरेआम मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद शहर भर में कोचिंग संस्थानों की कार्यशैली को लेकर चर्चा और नाराजगी है।

घटना सीएमडी कॉलेज के सामने हुई, जहाँ पीड़ित ट्यूटर अपने ट्यूशन क्लास के पम्पलेट बांट रहा था। आरोप है कि आचार्य इंस्टीट्यूट के स्टाफ ने उसे यह कहते हुए घेर लिया कि वह उनके कोचिंग के छात्रों को अपने पास बुलाने की कोशिश कर रहा है। इसी विवाद के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ी और बात मारपीट तक पहुँच गई।

सूत्रों के अनुसार, मारपीट में शामिल स्टाफ सदस्यों में आदिल और सर्वेश नाम शामिल बताए जा रहे हैं। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि ट्यूटर की पत्नी बच्चे को गोद में लिए पति को बचाने की कोशिश कर रही है, लेकिन फिर भी आरोपियों ने उसे धक्का देकर हटाया और युवक पर लगातार थप्पड़ और घूंसे बरसाए।

स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया
घटना को देखने वाले आसपास के लोगों ने इसे शर्मनाक और अमानवीय बताया। उनका कहना है कि शिक्षक समाज को शिक्षा देने का काम करते हैं, दबाव और बदमाशी दिखाने का नहीं। अगर शिक्षा संस्थान ही हिंसा का अड्डा बन जाएं तो बच्चों को क्या सीख मिलेगी?
घटना ने शहर में कोचिंग संस्थानों के बढ़ते वर्चस्व और प्रतिस्पर्धा के तरीके को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या किसी क्षेत्र में एक कोचिंग चलने का अर्थ यह हो गया कि वहाँ कोई दूसरा शिक्षक अपनी सेवा का प्रचार तक नहीं कर सकता?

पुलिस की कार्रवाई
पीड़ित ट्यूटर ने घटना की शिकायत तारबहार थाने में दर्ज कराई है। थाना प्रभारी ने बताया कि वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है, प्रारंभिक जांच में धारा 294, 323, 506 और 34 के तहत मामला दर्ज किया जा सकता है, आगे की कार्रवाई वीडियो प्रमाण और बयान के आधार पर होगी।




































