BILASPUR NEWS.शहर में प्रार्थना सभाओं के नाम पर कथित धर्मांतरण कराने को लेकर विवाद फिर तेज हो गया है। हिंदूवादी संगठन की शिकायत पर पुलिस ने एक कथित पास्टर जवाहर लाल बांसंती को गिरफ्तार किया है। इस पर आरोप है कि वह घरों और कॉलोनियों में 20-25 लोगों को जुटाकर प्रार्थना सभा के बहाने हिंदू समुदाय के लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा था।

मामला उस समय सामने आया जब हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं को इस सभा की जानकारी मिली। वे मौके पर पहुंचे और आपत्ति जताते हुए हंगामा किया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब वहां पहुंची, तो पाया कि एक मकान में बड़ी संख्या में हिंदू लोग प्रार्थना सभा में शामिल थे।

गौ रक्षक सेवा दल के जिला प्रमुख पुणेन्द्र कुमार शर्मा (बाबा शर्मा) ने इस मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जवाहर लाल बांसंती के खिलाफ मामला कायम कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
35 से ज्यादा मामले दर्ज
बिलासपुर जिले में प्रार्थना सभाओं के जरिए धर्मांतरण कराने के आरोप पहले भी कई बार सामने आ चुके हैं। हिंदूवादी संगठन का आरोप है कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को सहायता और चमत्कारिक इलाज का लालच देकर धीरे-धीरे उनका ब्रेनवाश किया जाता है, फिर उन्हें धर्म बदलने के लिए कहा जाता है।

संगठन इन मामलों को लेकर लगातार विरोध और प्रदर्शन कर रहा है और अब तक जिले के 35 से अधिक थानों में शिकायतें दर्ज करवाई जा चुकी हैं। इनमें सिविल लाइंस, सरकंडा, तोरवा सहित ग्रामीण इलाकों के कोनी, सीपत, मस्तूरी और पचपेड़ी थाना क्षेत्र शामिल हैं।

पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस का कहना है कि मामले की आगे जांच की जा रही है। यदि धर्मांतरण कराने के और सबूत मिलते हैं, तो कानूनी कार्रवाई बढ़ाई जाएगी।




































