BALAGHAT NEWS. बालाघाट जिले के रूपझर थाना क्षेत्र के कटेझिरिया जंगल में माओवादी और सुरक्षा बलों के बीच मंगलवार की सुबह तक मुठभेड़ जारी रही। इस इलाके में करीब 6 से 8 माओवादी सक्रिय होने के अनुमान से जवान जंगल की कड़ी सर्चिंग कर रहे हैं। इसके चलते सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात को मुठभेड़ शुरू हुई थी।

800 जवान कर रहे हैं तलाश
अभी तक किसी भी पक्ष के घायल या मारे जाने की पुष्टी नहीं हुई है। सुरक्षाबल और पुलिस की लगभग 800 जवानों की टीम ने मोर्चा संभाल रखा है और माओवादी गतिविधियों को रोकने के लिए जंगल में घेराबंदी की है। पुलिस ने इलाके में अपने सर्च ऑपरेशन को तेज कर दिया है।

माओवादियों ने शुरू की गोलीबारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदर्शकांत शुक्ला ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बीजापुर की सुनीता द्वारा आत्मसमर्पण करने के बाद माओवादियों ने गोलाबारी शुरू कर दी थी। इसकी जवाबी कार्रवाई अभी भी जारी है। इस क्षेत्र में यह मुठभेड़ पिछले कुछ महीनों में बड़ी कार्रवाई का हिस्सा है।

माओवादियों का गढ़ है यह जंगल
खंडवा का यह जंगल माओवादियों का गढ़ माना जाता है। सुरक्षा बल लगातार यहां सख्ती से नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल मुठभेड़ जारी है और पुलिस जंगल में शांति स्थापित करने के लिए कड़ी मशक्कत कर रही है। इस दौरान किसी भी अनहोनी से बचने के लिए इलाके को घेर कर रखे गए जवान पूरी सतर्कता बरत रहे हैं।

14 जून की मुठभेड़ के बाद मिले थे कई हथियार
बता दें कि इस वर्ष 14 जून को कटेझिरिया-पचामादादर जंगल में हॉकफोर्स की टीम ने तीन महिलाओं सहित चार माओवादियों को मार गिराया था। उस कार्रवाई में सुरक्षाबलों को माओवादियों के कब्जे से ग्रेनेड लांचर, विस्फोटक और कई हथियार बरामद हुए थे।




































