INDORE NEWS. इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर बुधवार शाम मुंबई के लिए उड़ान भरने जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-2750 को टेकऑफ के ठीक पहले रनवे पर रोकना पड़ा। पायलट को विमान में फायर इंडिकेशन अलार्म मिला, जिसके कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने तत्काल फ्लाइट को उड़ान भरने से रोक दिया।

विमान में सवार थे 163 यात्री
इसके बाद विमान की पूरी तरह से जांच की गई। बताते चलें कि विमान का निर्धारित टेकऑफ समय शाम 7:50 बजे था, जिसमें 163 यात्री सवार थे। अलार्म बजने के बाद टेक्निकल टीम तुंरत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में कोई खतरा नहीं पाया गया।

रात 11:41 बजे भरी उड़ान
मगर, सुरक्षा उपायों के चलते फ्लाइट को करीब साढ़े तीन घंटे देरी से रात 11:41 बजे उड़ान भरने की अनुमति मिली। लंबे समय तक विमान में यात्रियों को बैठाए रखने से वे काफी परेशान रहे। कुछ यात्रियों ने एयर इंडिया से शिकायत की, जबकि एक यात्री के परिजनों ने सिविल एविएशन मंत्रालय के डीजी फैज अहमद किदवई को पत्र लिखकर स्थिति की जानकारी दी।
एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि यह कार्रवाई सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत की गई। सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने के बाद ही फ्लाइट को रवाना किया गया। गौरतलब है कि इंदौर से मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइटों में लगातार देरी का नोटिस दिया जा रहा है।

जोखिम नहीं उठा रही विमानन कंपनियां
अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के बाद एयरलाइन जोखिम नहीं उठा रही हैं। तकनीकी जांच प्रक्रिया को और सख्त कर दिया गया है। बुधवार रात की इस घटना में भी तकनीकी स्टाफ ने चार घंटे तक विमान की जांच की। जब वो पूरी तरह से विमान की सुरक्षा को लेकर आश्वस्त हो गए, तभी विमान को रवाना किया गया।

यात्रियों को हो रही परेशानी
इसके अलावा इंदौर से बेंगलुरु के लिए उड़ान भी पौन घंटे से अधिक लेट रवाना हुई थी, जबकि छह अन्य उड़ानें भी देरी से उड़ी हैं। लगातार बढ़ती देरी यात्रियों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है। ज्यादा किराया चुकाने के बाद भी यात्री समय पर अपनी मंजिल तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।




































