BILASPUR NEWS. बिलासपुर में शादी का झांसा और अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी मर्चेंट नेवी का इंजीनियर है। केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, रांची की रहने वाली पीड़िता सरकण्डा क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर प्राइवेट काम करती है। बीते दिनों दिल्ली एयरपोर्ट से फ्लाइट से रांची जा रही थी। इसी बीच उसकी मुलाकात रांची के रोशन कुमार सिन्हा से हुई। रांची एयरपोर्ट पर टैक्सी बुक करने में मदद करने के बाद दोनों ने मोबाइल पर बातचीत शुरू की।

बाद में रोशन कुमार सिन्हा युवती के किराए के मकान पर पहुंचा और उसे पत्नी बनाने का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाया। युवती द्वारा शादी के लिए दबाव बनाने पर आरोपी ने जाति का हवाला देकर शादी से इनकार कर दिया और अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देने लगा। पीड़िता युवती ने अब सरकण्डा थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है, आरोपी बैंगलोर में कार्यरत है और फिलहाल पकड़ में नहीं आया है। केस दर्ज कर आरोपी की पतासाजी की जा रही है।

29 साल के इंजीनियर ने रेप के आरोप पर की आत्महत्या
इसके पहले भी बिलासपुर में युवक की आत्महत्या से सनसनी फैल गई थी। शहर के उसलापुर रेलवे ट्रैक पर एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर दिया था। यहां 29 साल के इंजीनियर गौरव सवन्नी ने ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली थी। उसका शव दो हिस्सों में बंटा मिला था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया।

गौरव के पास से बरामद सुसाइड नोट ने घटना की असली वजह को उजागर कर दिया था। उसमें उसने साफ लिखा था- ‘मैंने प्यार में धोखा खाया है।’ गौरव ने यह भी लिखा है कि कुछ साल पहले वह नौकरी के लिए नोएडा गया था। वहीं उसकी पहचान मैट्रिमोनियल साइट के जरिए दिल्ली की एक युवती से हुई थी। दोनों का रिश्ता करीब आया और नजदीकियां बढ़ीं, लेकिन अचानक युवती ने उस पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करा दिया। रेप केस दर्ज होने के बाद गौरव को जेल जाना पड़ा। करीब 15 दिन पहले ही वह जमानत पर छूटकर लौटा था। घर लौटने के बाद से वह गहरे तनाव में था।




































