INDORE NEWS. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में इन दिनों दो अलग-अलग मौसम प्रणालियों का असर देखा जा रहा है। दक्षिण-पूर्वी अरब सागर और बंगाल की खाड़ी पर बने चक्रवाती प्रभाव के कारण हवाओं में नमी बढ़ी है। इसके चलते कई जिलों में बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले तीन से चार दिन तक यही स्थिति बनी रह सकती है।
रात के तापमान में बढ़ोतरी, दिन में उमस
हवाओं का रुख पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी बना हुआ है, जिससे प्रदेश में नमी बढ़ रही है। इस वजह से रात का तापमान बढ़ गया है और दिन के समय हल्की उमस महसूस की जा रही है। शनिवार को रीवा में न्यूनतम तापमान 15.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि 22 शहरों का तापमान 20 डिग्री से नीचे रहा। गुना में दिन का तापमान 34.3 डिग्री पहुंच गया। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर और नर्मदापुरम संभागों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।
दिवाली पर साफ रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, दिवाली के दिन राज्यभर में मौसम साफ रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है। हालांकि, रात के तापमान में हल्की गिरावट से ठंडक महसूस होगी, जिससे पर्व की रात सुहानी रहेगी। वहीं, दिन के समय धूप खिलने से मौसम सामान्य रहेगा ।
छत्तीसगढ़ में भी बदला मिजाज
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी सोमवार को मौसम का मिजाज बदला रहेगा। हल्के बादल छाए रहेंगे और एक-दो स्थानों पर मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश हो सकती है। दिन के समय उमस बनी रहेगी, लेकिन रात में ठंडक बढ़ेगी।
रायपुर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 20.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, बिलासपुर, अंबिकापुर और रायगढ़ जैसे शहरों में तापमान 30 से 33 डिग्री के बीच दर्ज किया गया ।
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी पर दो चक्रवात सक्रिय
दक्षिण-पूर्वी अरब सागर में बने चक्रवात ने केरल और कर्नाटक तट पर गहरे कम दबाव के क्षेत्र का रूप ले लिया है और पश्चिमोत्तर दिशा में आगे बढ़ रहा है। दूसरी ओर, दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी पर एक और चक्रवात सक्रिय है, जो 24 अक्टूबर तक कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है।
वहीं, 21 अक्टूबर से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताई गई है। इससे उत्तरी भारत में हल्की बारिश और ठंड में बढ़ोतरी संभव है।