INDRE NEWS. इंदौर के एमवाय अस्पताल में गुरुवार को आउटसोर्स कर्मचारियों ने वेतन, एरियर और बोनस न मिलने के विरोध में धरना दिया। दीपावली से पहले भुगतान न होने से नाराज कर्मचारी सुबह 9 बजे से ही अस्पताल परिसर में जुटने लगे और 9:30 बजे से नारेबाजी शुरू कर दी।
……………………………………………………………..
कर्मचारियों ने बताया कि प्रशासन ने उन्हें 10 अक्टूबर तक वेतन और 15 अक्टूबर तक एरियर व बोनस देने का आश्वासन दिया था, जो पूरा नहीं किया गया। उनका कहना है कि भुगतान में देरी से त्योहार पर घर चलाना मुश्किल हो गया है। कर्मचारियों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई और बकाया राशि चुकाने की मांग की है।

अस्पताल प्रशासन ने कर्मचारियों को शांत रहने की अपील करते हुए जल्द समाधान निकालने का भरोसा दिया है। बताया जा रहा है कि प्रशासन और ठेका देने वाली कंपनी के बीच भुगतान संबंधी अड़चन के चलते कर्मचारियों का वेतन रुका हुआ है।

ग्वालियर में 4 महीने से नहीं मिला वेतन
इसी तरह की समस्या ग्वालियर के मुरार जिला अस्पताल में भी देखी जा रही है। वहां भी आउटसोर्स कर्मचारी चार महीने से वेतन के इंतजार में हैं। कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने कई बार सिविल सर्जन डॉ. आरके शर्मा से शिकायत की। मगर, कोई सुनवाई नहीं हुई है।

सिविल सर्जन डॉ. शर्मा ने इस पर कहा कि कर्मचारियों को अपनी शिकायत आवक-जावक शाखा में दर्ज करानी चाहिए। उन्होंने बताया कि कई अलग-अलग कंपनियों से आउटसोर्सिंग के तहत कर्मचारी नियुक्त हैं। यदि किसी का वेतन रुका हुआ है, तो वह लिखित शिकायत दे सकता है, जिस पर कार्रवाई की जाएगी।




































