INDORE NEWS. अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आने के साथ साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव हो गया है। इसके असर से मध्यप्रदेश में अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 13 जिलों को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसमें भोपाल, इंदौर, जबलपुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और सिवनी जैसे जिले शामिल हैं, जहां बारिश हो सकती है।

रात के तापमान में गिरावट, ठंडक बढ़ी
बारिश की हलचल से प्रदेश में रात का तापमान तेजी से नीचे जा रहा है। रविवार और सोमवार की रात में कई शहरों में पारा गिर गया। सबसे ठंडी रात छतरपुर के नौगांव में रही, जहां न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके अलावा राजगढ़ में 16.6, भोपाल में 17.2, जबलपुर में 18, ग्वालियर में 20.5, इंदौर में 20.2 और उज्जैन में 22 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में रातें और ठंडी हो सकती हैं।
बारिश के साथ ठंड की दस्तक
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ठंडक दोनों का असर रहेगा। दिन का तापमान थोड़ा घटेगा जबकि रातें ठंडी होंगी। किसानों को सलाह दी गई है कि वे फसलों को नमी और ठंड से बचाने के लिए सतर्क रहें और मौसम पूर्वानुमान पर नजर बनाए रखें। पश्चिमी विक्षोभ के कारण आने वाले दिनों में और बदलाव संभव है।

छत्तीसगढ़: सुबह-शाम धुंध, दिन में हल्की गर्मी
छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखेगा। मौसम विभाग ने कहा है कि मंगलवार को राज्य का अधिकांश हिस्सा शुष्क रहेगा, हालांकि कुछ इलाकों में सुबह-शाम हल्की धुंध छा सकती है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।
रायपुर और बिलासपुर में दिन के समय तेज धूप रहेगी और तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर जा सकता है। रात में हल्की ठंड महसूस होगी। मध्य छत्तीसगढ़ में सुबह का तापमान 24-26 डिग्री और दोपहर में 30-32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। शाम के बाद हल्की हवा चलने से मौसम सुहावना रहेगा।

राजधानी रायपुर का हाल
रायपुर में मंगलवार सुबह हल्की धुंध के बीच धूप खिली रहेगी। दोपहर में गर्मी और उमस का एहसास रहेगा, जबकि शाम तक हल्की हवा चलने से राहत मिलेगी। अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

बिलासपुर और उत्तर छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज
बिलासपुर में आसमान साफ रहेगा और दिन में तेज धूप के साथ थोड़ी उमस रहेगी। तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि रात में यह 23 डिग्री तक गिरेगा। उत्तर छत्तीसगढ़ के जशपुर, सरगुजा और कोरिया जिलों में सुबह हल्की धुंध और ठंडी हवाएं चलेंगी। दोपहर में धूप निकलने से तापमान 30 से 31 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं बस्तर, दंतेवाड़ा और कांकेर जैसे दक्षिणी जिलों में मौसम सामान्य और शुष्क बना रहेगा।
































