INDORE NEWS. इंदौर में ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटर्स के साथ छेड़छाड़ की घटना पर पुलिस ने जांच लगभग पूरी कर ली है। जल्दी ही कोर्ट में चालान पेश किया जाएगा। खिलाड़ियों की कोर्ट में पेशी वीडियो कान्फ्रेंस के जरिए की जाएगी। MIG थाने की पुलिस ने दौलतबाग (खजराना) निवासी अकील पुत्र इम्तियाज को गिरफ्तार किया, जिसने दो चर्चित महिला खिलाड़ियों से छेड़छाड़ की।

कैफे जाते वक्त किया बाइक से पीछा
जांच में तय हुआ कि आरोपी ने दोनों क्रिकेटर्स को होटल से बाहर निकलते वक्त कैफे जाते समय बाइक से पीछा किया। आरोपी ने एक क्रिकेटर से गलत हरकत की और फिर फरार हो गया। पीड़ित क्रिकेटर्स ने टीम के सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस से संपर्क कर अपनी लोकेशन दी। सिमंस ने फौरन लोकल पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने दोनों खिलाड़ियों की ‘लाइव लोकेशन’ के मुताबिक मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की।

इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
सहायक पुलिस आयुक्त हिमानी मिश्रा ने दोनों खिलाड़ियों से मुलाकात कर बयान दर्ज किए। एमआईजी थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 (महिला के सम्मान को चोट पहुंचाने के लिये बल प्रयोग) और धारा 78 (पीछा करना) में केस दर्ज किया गया। घटनास्थल पर मौजूद एक राहगीर ने आरोपी की बाइक का नंबर नोट किया, जिससे पुलिस ने अकील खान को गिरफ्तार कर लिया।

अपराधी का लंबा है रिकॉर्ड
जांच में सामने आया है कि आरोपी का अपराध रिकॉर्ड लंबा है। वह पेशे से पेंटर, माता-पिता मजदूर और 10 आपराधिक मामले छेड़छाड़, लूट, हत्या के प्रयास समेत कई वारदातें उसके नाम दर्ज हैं। उसे इलाके में ‘नाइट्रा’ के नाम से जाना जाता है, लोग उसे गुंडा मानते हैं।

सीएम ने कहा अपराधी नहीं बख्शा जाएगा
सीएम मोहन यादव ने बयान में कहा, “पुलिस ने कुछ घंटों में आरोपी को पकड़कर महिलाओं की सुरक्षा और कानून का सख्त संदेश दिया है, अपराधी को कतई बख्शा नहीं जाएगा।” मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने घटना पर दुख जताते हुए कहा, “यह शर्मनाक है और आरोपी को सजा ऐसे दी जाएगी कि लोग मिसाल याद रखेंगे।”




































