NEW DELHI NEWS. आधार प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने आधार अपडेट की नई फीस लागू कर दी है। यह 1 अक्टूबर 2025 से 30 सितंबर 2028 तक प्रभावी रहेगी। उसके बाद फिर से इनकी समीक्षा होगी। नई दरों के अनुसार, नया आधार बनवाना सभी के लिए फ्री रहेगा, लेकिन अपडेट सेवाओं पर 40 से 125 रु. तक शुल्क लगेगा। अब आधार से जुड़ी अधिकतर सेवाओं के लिए ज्यादा पैसे देने होंगे। बच्चों के कुछ मामलों को छोड़कर, चाहे डेमोग्राफिक हो, बायोमेट्रिक या डॉक्यूमेंट अपडेट-सभी पर पहले से ज्यादा खर्च करना पड़ेगा।
जानकारी के अनुसार 5 से 7 साल तक की उम्र के बच्चों का पहला अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट फ्री है। 7 से 15 साल तक की उम्र के बच्चों का सामान्यत 125 रुपए चार्ज लगता है, लेकिन यह फीस 30 सितंबर 2026 तक माफ कर दी गई है। वहीं 15 से 17 साल तक के किशोरों का पहला अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट फ्री है। यह कदम बच्चों की लंबित अपडेटिंग को कम करने के लिए उठाया गया है।
वहीं, अगर कोई एनरोलमेंट सेंटर नहीं जा सकता तो UIDAI घर पर सेवा देगा। इसके लिए नए चार्ज तय किए गए हैं। एक बार घर पर विजिट का खर्चा 700 रुपए (GST सहित) होगा। अगर उसी पते पर कई लोग सेवा लेना चाहते हैं, तो पहले व्यक्ति से 700 रुपए लिए जाएंगे औोर बाकी प्रत्येक सदस्य से 350 रुपये ।
ऐसा होगा आधार सेवाओं के शुल्क
- बायोमेट्रिक अपडेट (7-15, 17 वर्ष से अधिक) 100-125 रुपए
- अन्य अपडेट (डेमोग्राफिक के साथ या बिना) 100-125 रुपए
- डेमोग्राफिक अपडेट (नाम, पता आदि बदलना) 50-75 रुपए
- दस्तावेज अपडेट (आवास/पहचान) केंद्र पर 50-75 रुपए
- दस्तावेज अपडेट (आवास/पहचान) ऑनलाइन 50-75 रुपए
- आधार खोज और रंगीन प्रिंट (ए4 शीट) 30-40 रुपए