PATNA NEWS. बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत तेज हो गई है। दरअसल, छठ महापर्व की समाप्ति के बाद चुनाव प्रचार तेज हो गया है। सभी पार्टियों ने जनता को अपनी ओर खींचने के रणनीति बनाने की रफ्तार बढ़ा दी है। इसी कड़ी में आज महागठबंधन घोषणा पत्र जारी कर रहा है। वहीं सभी प्रत्याशी जनसभा और जनसंपर्क कर वोट देने की अपील कर रहे हैं। दूसरी तरफ राजनीतिक बयानबाजी का सिलसिला भी तेज हो गया है। दोनों ही गठबंधन एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।

महागठबंधन के घोषणापत्र पर जमकर निशाना साधा है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. गुरु प्रकाश पासवान ने कहा कि राहुल गांधी बिहार में थे और उन्होंने यात्रा भी निकाली। कांग्रेस पार्टी के साथ समस्या यह है कि उसका शीर्ष नेतृत्व कुछ कहता है, ज़िला नेतृत्व कुछ और कहता है और जमीनी कार्यकर्ता कुछ और कहते हैं। SIR प्रक्रिया पूरी तरह से संवैधानिक है। फिर भी, वे बेबुनियाद बातें कहेंगे। ऐसा नहीं है कि SIR की प्रक्रिया पहली बार हो रही है। यह एक नियमित प्रक्रिया है।

दूसरी ओर, जनशक्ति जनता दल प्रमुख तेज प्रताप यादव ने कहा कि कर्पूरी ठाकुर, महात्मा गांधी, बाबा साहब अंबेडकर और गांधी जी जननायक थे। लालू यादव की राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर छत्र छाया है, हमारे ऊपर उनकी छत्रछाया नहीं है। हमारे ऊपर बिहार के गरीबों और नौजवानों की छत्रछाया है। हम इसी को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। हम अपने बल पर करके दिखाएंगे।

वहीं, SIR पर कांग्रेस नेता अभय दुबे ने कहा कि बीजेपी की केंद्र सरकार और उसके नेताओं ने चुनावों में बार-बार 400 पार करने का नारा इसलिए लगाया, क्योंकि वे संविधान पर हमला करना चाहते थे। देश की जनता ने उन्हें उनकी जगह दिखा दी और सरकार को घुटनों पर ला दिया। अब वे वोट चोरी के ज़रिए चुनाव आयोग के रास्ते संविधान पर हमला करने का दूसरा तरीका अपना रहे हैं। कांग्रेस पार्टी ऐसा नहीं होने देगी।





































