UJJAIN NEWS. उज्जैन के विश्वप्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में दीपावली के बाद से भक्तों को श्री अन्न यानी मिलेट्स से बने पौष्टिक लड्डू प्रसाद मिलने लगेंगे। मंदिर प्रबंध समिति ने इसके निर्माण की तैयारी शुरू कर दी है। श्री महाकालेश्वर अन्नक्षेत्र में रागी, गुड़, ड्रायफ्रूट और शुद्ध देशी घी से यह स्वास्थ्यवर्धक लड्डू तैयार किए जाएंगे।

प्रसाद की कीमत 400 रुपये प्रति किलो तय की गई है। अभी मंदिर के प्रसाद काउंटरों पर देशी घी से बने बेसन के लड्डू इसी दर पर उपलब्ध हैं। मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक के मुताबिक, भक्तों के बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए श्री अन्न लड्डू प्रसाद शुरू करने का निर्णय लिया गया है।

40 क्विंटल लड्डू प्रसाद बनेगा
नया प्रसाद न सिर्फ स्वादिष्ट रहेगा, बल्कि शरीर के लिए भी लाभदायक होगा। मंदिर समिति ने मिलेट्स लड्डू निर्माण के लिए श्री महाकालेश्वर अन्नक्षेत्र में नई इकाई स्थापित करने की तैयारी की है। ग्राम चिंतामन स्थित वैदिक शोध संस्थान परिसर में पहले से चल रही इकाई में रोजाना 40 से 45 क्विंटल लड्डू प्रसाद तैयार होता है।

आरोग्यता का मिलेगा संदेश
श्री अन्न लड्डू के लिए अलग से दो हलवाई और 20 से अधिक कुशल कर्मचारियों की भर्ती की गई है। यह पहल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप है, ताकि महाकाल के दरबार से जन-जन तक आरोग्यता का संदेश पहुंचे। मुख्यमंत्री चाहते हैं कि लोग श्री अन्न के महत्व को समझें और अपने रोजमर्रा के भोजन में इसका उपयोग बढ़ाएं।





































