BILASPUR NEWS. वन मंत्री केदार कश्यप पर मारपीट के आरोप के मामले में डिप्टी सीएम अरुण साव ने बयान दिया है। जगदलपुर सर्किट हाउस में चतुर्थ वर्ग कर्मी से मारपीट के आरोप के मामले में डिप्टी सीएम अरुण साव ने मीडिया के सामने बयान देते हुए कहा कि वरिष्ठ मंत्री ने आरोप का खंडन किया है। कांग्रेस उनकी चरित्र हत्या की राजनीति करने पर उतारू है।
ये भी पढ़ें:अवैध संबंध के शक में पति ने पत्नी पर किया चाकू से हमला, फिर खुद की काटी नस, महिला की मौत
बता दें कि वन एवं परिवहन मंत्री केदार कश्यप पर सर्किट हाउस के कर्मचारियों ने मारपीट का आरोप लगाया है। मामला जगदलपुर सर्किट हाउस का है, जहां वन मंत्री दौरे के बाद वापस लौटकर पहुंचे थे और उन्होंने इस दौरान कर्मचारियों पर दरवाजा नहीं खोलना को लेकर नाराजगी जताई थी। इधर कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि मंत्री ने न केवल उनके साथ गाली-गलौज की बल्कि कमरे में बुलाकर मारपीट भी की।
इस मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ट्वीट करते हुए आरोप लगाया है कि निचले स्तर के कर्मचारियों से मारपीट गंभीर मामला है। इधर कांग्रेस नेता पीड़ित कर्मचारियों के साथ जगदलपुर कोतवाली थाने शिकायत दर्ज करने पहुंचे थे। दूसरी ओर वन मंत्री केदार कश्यप का कहना है कि वे दौरे से लौट कर आए थे और इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों को केवल डाटा है मारपीट की बात गलत है।
मंत्री ने आरोपों का किया खंडन
केदार कश्यप ने आरोपों का खंडन किया है और उन्हें निराधार व राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचा और इसलिए वह झूठा प्रचार कर रही है। कश्यप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में कहा, “हमारे कार्यकर्ता मेरे लिए देवताओं के समान हैं और उनका अपमान असहनीय है। कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है और उसका एकमात्र काम भ्रामक प्रचार करना रह गया है। जिस तरह की घटना की बात की जा रही है, वह घटित ही नहीं हुई है।”
भूपेश बघेल ने कहा- माफी मांगनी चाहिए
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कर्मचारी द्वारा मंत्री पर आरोप लगाने का एक वीडियो ‘एक्स’ पर अपलोड किया और लिखा, “क्या सिर्फ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां ही मां हैं, या सबकी माएं भी मां हैं? अब भाजपा को इस सवाल का जवाब देना होगा।” बघेल ने आरोप लगाया कि केदार कश्यप छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ मंत्री हैं और उन्होंने जगदलपुर में एक कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार किया तथा उसका कॉलर पकड़कर उसे मारा भी। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा को मंत्री का इस्तीफा ले लेना चाहिए और आरोपी मंत्री को सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगनी चाहिए।
गौरतलब है कि बस्तर जिले में एक सरकारी गेस्ट हाउस के संविदा कर्मचारी ने राज्य के वन मंत्री केदार कश्यप पर गाली-गलौच और उसकी पिटाई करने का आरोप लगाया है। मंत्री पर इन आरोपों से सियासी विवाद खड़ा हो गया और विपक्षी कांग्रेस ने कश्यप को मंत्रिमंडल से हटाने और मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। जगदलपुर जिला मुख्यालय स्थित सर्किट हाउस में दैनिक वेतनभोगी रसोइया खितेंद्र पांडे ने शनिवार रात पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर मंत्री के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।




































