RAJIM NEWS. एक कलयुगी बेटे ने शराब के नशे में अपनी ही मां को डंडे से पीट पीट कर हत्या कर दी है। राजिम के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम जोगीडीपा में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जहां पर बेटे का अपनी मां के साथ खाने में मछली की सब्जी नहीं बनाए जाने की बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि बेटे कमलेश नंदे ने अपनी मां चंदा बाई को डंडे से पीटना शुरू कर दिया और तब तक पीटता रहा जब तक मां की मौत नहीं हो गई।
आपको यह भी बता दें कि नशे के आदी आरोपी की पत्नी पहले ही उसकी मारपीट और गाली गलौज करने की वजह से उसे छोड़कर अपने मायके चली गई है। आरोपी बेटा यहां अपने मां के साथ अपने एक सात साल के बेटे को लेकर रहता है। आरोपी नशे का आदी है। वह शराब के साथ साथ गांजे का भी नशा करता है ।
आज सुबह वह अपने काम में निकलने से पहले शराब पिया और उसके बाद अपने घर में आया और अपनी मां से खाना मांगा, सुबह ही वह अपनी मां को मछली लाकर दिया था और उसे बनाने की बात कही थी, लेकिन मां उसे दोपहर में बनाने की सोच घर के अन्य कामों में व्यस्त हो गई।
आरोपी जब काम में जाने से पहले अपनी मां को पूछा कि उसके द्वारा मछली की सब्जी बनाई गई है कि नहीं तो मां ने नहीं बनाने की बात कही। इस पर आरोपी अपनी मां के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। वह इतना आक्रोशित हो गया कि पास में रखी कुल्हाड़ी के पीछे तरफ लगे डंडे से अपनी मां के ऊपर ताबड़तोड़ वार करने लगा जिससे मां बेसुध हो कर नीचे गिर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
आसपास के ग्रामीणों ने इसकी सूचना फिंगेश्वर थाना पुलिस को दी। जिसपर पुलिस मौके पर पहुंच कर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लाश को मर्चुरी भेजकर घटना की जांच में जुट चुकी है। एक छोटी सी बात खून करने की एक बड़ी वजह बन गई, नशे ने एक बेटे के हाथों उसकी ही मां की हत्या करा दी।
सोचने वाली बात यह भी है कि आखिर कैसे ब्लॉक मुख्यालय से कोसो दूर जहां पर पानी की बोतल मिलना मुश्किल होता है, वहां पर शराब आसानी से मिल जाती है। आखिर कब तक नशे में और ऐसी घटनाएं होती रहेंगी? क्या ऐसी घटनाओं और नशे की बढ़ती लत को रोकने के लिए सरकार नींद से जागेगी और कोई बड़ा कदम उठाएगी।




































