BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में तीज पर्व की रात पति-पत्नी के बीच झगड़े के बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। महिला की लाश घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटकती मिली। इस मामले में मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या नहीं हत्या बताया है। पुलिस से जांच की मांग की है। पुलिस ने इस पर पोस्टमार्टम के बाद हत्या या आत्महत्या है इसकी पुष्टि होने पर जांच की बात की है।
बता दें, मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। मृतका की पहचान शिखा ठाकुर उम्र 24 वर्ष के रूप में की गई है। जिसकी शादी वर्ष 2021 में सुरेन्द्र ठाकुर से हुई थी। बताया जा रहा है कि तीज के दिन पति शराब पीकर घर पहुंचा था। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद के कुछ घंटे बाद ही शिखा की लाश कमरे में फंदे से लटकती मिली।
ये भी पढ़ें:मोदी की गारंटी खोजने निकले एनएचएम कर्मी, 16 हजार स्वास्थ्यकर्मी राजधानी कूच करेंगे
मृतका के पिता देव कुमार का कहना है कि उनकी बेटी लंबे समय से पति और ससुरालवालों से प्रताड़ित थी। कई बार उसके साथ मारपीट की गई। उनका आरोप है कि तीज पर्व वाले दिन भी शिखा के साथ मारपीट की गई और फिर उसे फांसी पर लटका दिया गया। पिता ने साफ कहा है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है।
सिरगिट्टी थाना प्रभारी का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मायके पक्ष की ओर से आरोप लगाया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद ही साफ हो पाएगा की हत्या है या आत्महत्या। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।