KORBA NEWS. कोरबा में एक शिक्षिका ने अपने ही पति के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि उसके पति ने न सिर्फ उसके साथ बल्कि उसकी बड़ी बेटी के साथ भी मारपीट की है। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करके कार्रवाई में जुटी है। यह मामला बालको थाना क्षेत्र के शांति नगर का है।
दरअसल, कोरबा जिले से एक शिक्षिका के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पारिवारिक विवाद के चलते पति ने पत्नी और बेटी के साथ मारपीट की है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक, 37 वर्षीय पीड़िता वर्ग 3 शिक्षाकर्मी हैं। वह गायत्री मंदिर रोड पर अपने दो बेटी और एक बेटे के साथ अलग रहती हैं। पीड़िता का पति से 2021 में पारिवारिक विवाद हुआ था। तब से वह अलग रह रही हैं। वह कभी-कभी बच्चों को पिता से मिलाने या घरेलू काम से पति के घर जाती थीं।
पीड़िता का आरोप है कि पति शांति कुमार कश्यप (39) उन्हें साथ रखने को तैयार नहीं है। घर जाने पर अक्सर बेवजह विवाद और लड़ाई-झगड़ा करता है। घटना वाले दिन भी सुबह 11:30 बजे पीड़िता अपने बच्चों के साथ पति के घर गई थी। शांति कुमार कश्यप उस समय बालको प्लांट में ड्यूटी पर था। यह भी आरोप है कि घर पहुंचने पर सास मालती कश्यप और ससुर रघुनाथ कश्यप ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
जब पति घर पहुंचा था, तो उसने पत्नी साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान बच्चे मम्मी को मत मारो चिल्लाते रहे। लेकिन पिता का दिल नहीं पसीजा। इतनी ही नहीं उसने अपनी बड़ी बेटी के साथ भी मारपीट की। मारपीट में पीड़िता और उसकी बेटी को शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
इस मामले में पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। जिस पर ने पति, सास-ससुर के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले में सीएसपी भूषण एक्का ने कहा कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी हो गई है। प्रतिबंधित धाराओं में अलग से कार्रवाई की जा रही है।