JANJGIR/ KORBA NEWS. जांजगीर-चाम्पा के अकलतरा क्षेत्र के कोटमीसोनार गांव में रेलवे ट्रैक पर महिला की लाश मिली है और ट्रैक पर ही 5 माह का बच्चा जिंदा मिला है। हादसे में महिला की मौत हुई है, लेकिन बच्चे को कुछ नहीं हुआ है। मृतक महिला की अभी पहचान नहीं हुई है। कोरबा में भी हुए एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई है।

घटना की सूचना के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को अकलतरा CHC भेजा गया है। वहीं महिला के शव को मर्च्युरी भिजवाया गया है। अकलतरा पुलिस ने मर्ग कायम किया है और मृतक महिला की शिनाख्त में जुटी है।

जांजगीर में भी सड़क हादसे में एक की मौत
जांजगीर थाना क्षेत्र के तिलई गांव में NH-49 पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को कुचल दिया और हादसे में उसकी मौत हो गई है। मृतक युवक राजू निर्मलकर, अकलतरा क्षेत्र के नरियरा गांव का रहने वाला था। मामले में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, नरियरा गांव का युवक राजू निर्मलकर, बाइक में सवार होकर जांजगीर आ रहा था। वह तिलई गांव के आगे पहुंचा था कि अज्ञात वाहन ने उसे कुचल दिया और जिला अस्पताल लाने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया है।

सड़क हादसे ने निगल ली दो परिवारों की खुशियां
कोरबा में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियों को निगल लिया। करतला ब्लॉक के सकदुक्ला क्षेत्र में हुए दर्दनाक एक्सीडेंट में दो की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि बाइक में तीन लोग सवार थे, जिनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

दुर्घटना आज शाम 4 बजे के आस-पास घटी है। हादसा कैसे हुआ, और पीड़ित कहाँ के रहने वाले हैं, इस बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने दो की मृत्यु की पुष्टि की। घायल व्यक्ति का इलाज जारी है, और पुलिस मृतकों और घायल की पहचान के प्रयास में जुटी हुई है। स्थानीय लोग भी घटनास्थल के आसपास जुटे हैं, लेकिन स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और गति नियंत्रण पर सवाल खड़े करता है।