RAIPUR NEWS.छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पड़ोस में रहने वाले दो सगे भाइयों ने ही जादू-टोने के शक में महिला की बेरहमी से हत्या कर दी थी।
पुलिस ने बताया कि मृतका पदमा यादव पर आरोपियों को शक था कि वह उनके घर पर जादू-टोना करती है और नींबू-मिर्ची फेंकती है। इसके चलते आए दिन दोनों पक्षों के बीच विवाद होते रहते थे। आरोपियों ने यह भी दावा किया कि पहले से उस महिला ने उनके दादा से सस्ती ज़मीन लेकर घर बनाकर रहने लगी। जिसकी वजह से वहां उनकी पत्नियों के गर्भपात होने लगे, जिसका जिम्मेदार वे पदमा यादव को मानते थे।
ये भी पढ़ें:केवाईसी अपडेट करने के नाम पर जालसाजी कर 26 लाख ठगने वाले 3 आरोपी पुलिस के गिरफ्त में
इस पुरानी रंजिश और अंधविश्वास के चलते राजू यादव और जीवन यादव नाम के दो सगे भाइयों ने मिलकर डंडे और पत्थरों से पदमा यादव के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
खरोरा थाना पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं इस घटना में और लोग भी शामिल तो नहीं थे।
इस घटना ने एक बार फिर यह दिखा दिया है कि अंधविश्वास और जादू-टोने जैसी कुरीतियां आज भी छत्तीसगढ़ में लोगों के जीवन में कितना गहरा असर डाल रही हैं, जो हत्या जैसे जघन्य अपराधों को जन्म दे रही हैं।