BILASPUR NEWS. ठगी व धोखाधड़ी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। सिर्फ अनपढ़ या कम पढ़े लोग ही नहीं बल्कि सरकारी जॉब वाले व अधिकारी तक ठगों के झांसे से बच नहीं पा रहे हैं। ठगी का एक मामला सिरगिट्टी क्षेत्र में सामने आया है। जहां पर स्वसहायता समूह की महिलाओं को काम दिलाने का झांसा देकर एक लाख 30 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई है। पीड़ित ने इसकी शिकायत चकरभाठा थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।

बता दें, मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र का है। जहां पर हरदीकला में रहने वाली मंजू पठारी महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष हैं। उनकी पहचान एक साल पहले शैलेन्द्र कुमार रजक से हुई थी। उसने खुद को भारती महिला शक्ति फाउंडेशन का संस्थापक बताया।
उसने अभिकर्ता मनोज मरावी और उसकी पत्नी डिण्डेश्वरी मरावी के माध्यम से महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं से संपर्क कर झाडू बनाने का काम करने के लिए कहा। इसके लिए उसने अपनी संस्था के माध्यम से झाडू बनाने का प्रशिक्षण देने की बात कही।

ये भी पढ़ेंः फाइनेंस के नाम पर बाइक खरीदकर लोगों से बड़ी ठगी, 17 मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
प्रशिक्षण के बाद महिलाओं को कच्चा माल देकर झाडू बनवाने और इसके बदलने में उनको मेहनताना देने की बात कही। जालसाजों की बातों में आकर स्व सहायता समूह की सदस्यों ने मिलकर एक लाख रुपये शैलेन्द्र को हाईकोर्ट के पास दे दिए। इस दौरान एक और समूह की महिलाओं ने तीस हजार रुपये दिए। रुपये मिलने के बाद जालसाज गायब हो गए।

ये भी पढ़ेंः BJP नेताओं और पुलिस के बीच जमकर हुई झूमाझटकी, कांग्रेस नेता के पुतला दहन पर मचा बवाल
करीब एक साल गुजर जाने के बाद भी महिलाओं को काम नहीं मिला। ना ही उनके रुपये वापस मिले। महिलाओं ने इसकी शिकायत चकरभाठा थाने में की है। इस पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
सावधान रहे जालसाजों से
पुलिस अक्सर ही जालसाजों से सतर्क रहने के लिए लोगों को कहती है। किसी को भी पैसे देने से पहले उसके विषय में पूरी जानकारी ले लेना चाहिए। जालसाज विश्वास में लेकर लोगों को ठगते हैं और पैसा मिलने के बाद गायब हो जाते हैं।




































