AMBIKAPUR. अंबिकापुर में अंबिका स्टील फर्म के संचालक के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उसे रिवॉल्वर से 3 गोलियां मारी गई हैं। 2 गोली उसके सीने और एक पेट में लगी है। युवक का शव अंबिकापुर-मनेंद्रगढ़ रोड के किनारे जंगल के पास कार में मिला है। जंगल में लाश मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और उससे पूछताछ कर रही है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से 47 हजार रुपए कैश, सोने की चेन, ब्रेसलेट व अंगूठी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार अंबिका स्टील इंडस्ट्रीज के संचालक महेश केडिया का बेटा अक्षत अग्रवाल (25) बीती शाम अपनी हुंडई कार से घर से निकला था। इसके बाद 6.30 बजे उसका फोन बंद हो गया। परिजन परेशान होकर उसकी तलाश में जुटे थे। देर रात तक उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की सूचना दी थी।
बुधवार सुबह चठिरमा गौशाला से लगे जंगल के पास हुंडई कार संदिग्ध अवस्था में लोगों ने खड़ी देखी। वे कार के पास पहुंचे तो कार में एक युवक का शव ड्राइवर की सीट पर दिखा। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद एएसपी अमोलक सिंह, थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल, फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची।
इसके बाद पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर गाड़ी को अनलॉक किया। युवक के पेट और सीने से खून निकल रहा था। गाड़ी के शीशों में भी खून के छींटे लगे थे। रिवॉल्वर से 3 गोलियां मारी गई हैं। जिस पिस्टल से हत्या की गई है, वह भी अक्षत अग्रवाल की है। गाड़ी से 3 महंगे पिस्टल मिले हैं। पिस्टल के लाइसेंस नहीं हैं। मामले में पुलिस ने एक संदेही संजीव मंडल नामक युवक को हिरासत में लिया है।
मंगलवार को अक्षत अग्रवाल के साथ संजीव मंडल को कार में देखा गया था। संजीव मंडल पहले अंबिका स्टील इंडस्ट्रीज में काम करता था। करीब एक साल पहले उसने काम छोड़ दिया था। पुलिस ने आरोपी संजीव मंडल के कब्जे से 47 हजार रुपए नगद, मृतक अक्षत की सोने की चेन, सोने का ब्रेसलेट और अंगूठी बरामद की है। एएसपी अमोलक सिंह ढिल्लो ने बताया है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। हालांकि, उन्होंने अभी आरोपी का नाम व पता का खुलासा नहीं किया है। पुलिस अभी जांच कर रही है।