KAWARDHA. कवर्धा के पंडरिया ब्लाक में एक पटवारी का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि इस पटवारी ने एक ग्रामीण से बटवारा पर्ची बनाने के नाम पर ₹10000 की मांग की थी। ग्रामीण ने पैसों का इंतजाम करके पटवारी को तो दे दिया लेकिन इसी बीच किसी ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। घूस लेते हुए पटवारी का यह वीडियो अब उसके लिए गले की फांस बन गया है।

छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ समय से सरकारी कर्मचारियों की तरफ से काम के बदले पैसों की मांग करने की ख़बरें लगातार सामने आ रही है। ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है, लेकिन फिर भी लोग अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। इसी कड़ी में कवर्धा के एक पटवारी का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में पटवारी रिश्वत लेते हुए नजर आ रहा है।


मिली जानकारी के अनुसार, कवर्धा जिले के पंडरिया ब्लॉक के हल्का क्रमांक 04 पुटपुटा के प्रभारी पटवारी घनश्याम मरावी ने बंटवारा पर्ची बनाने के लिए 10 हजार रुपए की मांग की थी। पटवारी की मांग के बाद पीड़ित ने उसे पैसे दिए और वहां मौजूद अन्य शख्स ने वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हम इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करते हैं।

बता दें कि हाल ही में राजधानी रायपुर में महिला थाना प्रभारी को भी घूस लेते हुए एसीबी ने रंगे हाथों पकड़ा था। इसके बाद महिला थाना प्रभारी को सस्पेंड कर दिया गया था। महिला थाना प्रभारी ने एक महिला से ही मामला दर्ज करने के लिए ₹50000 की रिश्वत की मांग की थी जिसके बाद 35000 में यह मामला फाइनल हुआ था इसी बीच महिला ने पैसे देते हुए एसीबी को भी इसकी जानकारी दी थी और एसीबी ने महिला थाना प्रभारी को नोटों की गाड़ी के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया था।




































