JAGDALPUR. बस्तर के नक्सल प्रभावित इलाकों में तेज से नक्सलियों को खत्म करने के लिए ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस बीच, एक बड़ी सामने आई है। बीजापुर जिले में एंटी नक्सल ऑपरेशन से लौट रही फोर्स नक्सलियों द्वारा लगाई गई IED की चपेट में आ गई, जिसमें STF के 2 जवान शहीद हो गए हैं। वहीं, इसके चपेट में आने से 4 जवान घायल हैं।
जानकारी के अनुसार बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जिले की सीमा पर दरभा डिवीजन के नक्सली बड़ी संख्या में मौजूद हैं। इसी सूचना के आधार पर तीनों जिलों से STF, DRG, कोबरा और CRPF की संयुक्त टीम को ऑपरेशन के लिए भेजा गया था। इस ऑपरेशन से लौटते वक्त बीजापुर के तर्रेम के पास नक्सलियों ने IED ब्लासट किया। इसकी चपेट में आने से STF के कॉन्स्टेबल भरत साहू और सत्येर सिंह कांगे शहीद हो गए हैं।
घायल जवानों में पुरुषोत्तम नाग, कोमल यादव, सियाराम सोरी और संजय कुमार शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है। इन घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें रायपुर ले जाने की तैयारी की जा रही है, लेकिन खराब मौसम के चलते हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर पा रहा है, फिलहाल घटना के बाद से इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।
बता दें कि एक दिन पहले ही छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर सुरक्षाबलों ने बुधवार को मुठभेड़ में 12 नक्सलियों को मार गिराया। मारे गए नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। मौके से हथियार और अन्य सामान भी बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ करीब 6 घंटे तक चली है। वहीं, मुठभेड़ में सब इंस्पेक्टर सहित 2 जवान घायल हुए हैं। घायल सब इंस्पेक्टर सतीश पाटिल महाराष्ट्र की C-60 फोर्स के जवान हैं। उन्हें बाएं कंधे में गोली लगी है। उन्हें हेलिकॉप्टर से कांकेर के बांदे से गढ़चिरौली भेजा गया था।