अभय तिवारी
BALODA BAZAR. बलौदा बाज़ार-भाटापारा ज़िले के भाटापारा शहर पुलिस द्वारा एक ऐसा ऑनलाइन फ्रॉड पकड़ा गया जिसे सुन किसी ऐप पर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करने से पहले आपकी उँगलियाँ ठिठक जाएँगी। बलौदा बाज़ार ज़िले के पलारी के अन्तर्गत आने वाले ग्राम सिसदेवरी में अपने रिश्तेदार के यहाँ आये युवक को तब सदमा लगा जब उसे पता चला कि उसके साथ 12 लाख 35 हज़ार 500 रुपये की ठगी हो गई है।

ग्राम चौकबेडा ज़िला महासमुंद निवासी चेतन सिंह के साथ बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में आने वाले राजकिशोर नगर के विपुल शुक्ला ने ऐसी ठगी की है जिससे चेतन सिंह का ऐप के ज़रिए पेमेंट करने से विश्वास जीवन भर डिग जाएगा। मामला कुछ ऐसा है कि चेतन सिंह अपने रिश्तेदार के यहाँ ग्राम सिसदेवरी पलारी आये हुए थे। यहां उन्हें व्यक्तिगत कारणों से रुपये के बदले अमेरिकी डॉलर की ज़रूरत पड़ी। इसके बाद पीड़ित चेतन सिंह ने binance एप का इस्तेमाल भारतीय रुपयों को डॉलर में बदलने के लिए किया। एप से चेतन सिंह को ट्रेडर का नाम और कांटैक्ट नंबर मिला और बैंक अकाउंट का नंबर भी मिला।

एप के नियमों के मुताबिक़ चेतन ने बड़ी रक़म 12,35,500 रुपये उस अकाउंट नंबर में जमा करा दिये। जिस अकाउंट में चेतन ने पैसे जमा किए वह आरोपी विपुल शुक्ला का था। काफ़ी समय बीतने के बाद भी जब प्रार्थी चेतन के खाते में डॉलर नहीं आये तो शक बढ़ा। इसके बाद एप द्वारा दिये ट्रेडर के मोबाइल नंबर पर व्हाट्स एप में मैसेज करने पर आरोपी विपुल शुक्ल ने अपने अन्य नंबर से मैसेज कर पैसे वापस करने से इंकार कर दिया। अब चेतन सिंह को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हो चुका था। इसके बाद पूरे घटना को बताते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।

कमीशन के चक्कर में ठगाया
लालच बुरी बला है इस मुहावरे को सच होते चेतन सिंह ने देखा। पीड़ित चेतन सिंह ने बताया कि उसने इससे पहले 6 जून को भी 4-5 बार ऑनलाइन एप के माध्यम डॉलर ले चुका था। इसकी वजह से उसने इतनी बड़ी रक़म बिना हिचके जमा करा दी। चेतन सिंह ने बताया कि डॉलर की बिक्री होने पर उसे कुछ पैसे कमीशन के मिलते थे और उसी कमीशन के चक्कर में इस बार वह ठगी का शिकार हो गया।

कुछ घंटों में ही पकड़ाया आरोपी, पुलिस को बड़े गिरोह के होने का शक
पीड़ित चेतन सिंह ने 12,34,500 रुपये का ट्रांजेक्शन भाटापारा IDFC फर्स्ट बैंक के द्वारा किया था। भाटापारा पुलिस ने अपराध दर्ज कर कार्यवाही शुरू की। थाने के प्रभारी निरीक्षक परिवेश तिवारी द्वारा IDFC बैंक जाकर आरोपी विपुल शुक्ला के बैंक अकाउंट, पैन नंबर, फोटो और आधार कार्ड प्राप्त हासिल किए। इसके माध्यम से थाना भाटापारा पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों की मदद से अपराध क़ायम होने के कुछ घंटों के बाद ही बिलासपुर ज़िले के राजकिशोर नहर क्षेत्र से आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया गया।
प्रकरण में ठगी की रक़म में से ₹50,000 ज़ब्त किया गया है और शेष राशि पीड़ित को डॉलर के रूप में प्राप्त करा दी गई है। भाटापारा पुलिस आरोपी के पास से प्राप्त मोबाइल के आधार पर उसके अन्य साथी आरोपियों की पतासाजी कर रही है। पुलिस को इस प्रकरण में एक बड़े गिरोह के शामिल होने की आशंका लग रही है। पुलिस पता करने की कोशिश कर रही है कि आख़िर किसकी मदद से आरोपी ने पीड़ित के साथ इतनी बड़ी धोखाधड़ी की घटना को अंजाम दिया है।
आरोपी का का नाम
विपुल शुक्ला उम्र 26 वर्ष निवासी राजकिशोर नगर थाना सरकंडा बिलासपुर




































