NEW DELHI/RAIPUR. नीट-यूजी पर्चा लीक मामले में पहली बड़ी कार्रवाई की गई है। केंद्र सरकार ने शनिवार रात नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के डायरेक्टर जनरल (डीजी) सुबोध सिंह को पद से हटा दिया। अब कर्नाटक कैडर 1985 बैच के रिटायर्ड आईएएस अफसर प्रदीप सिंह खरोला को डीजी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। जून 2023 में डीजी बने सुबोध सिंह को नई पोस्टिंग नहीं दी गई है।
इस बीच, शनिवार देर रात शिक्षा मंत्रालय ने नीट-यूजी में हुई गड़बड़ियों की जांच सीबीआई को सौंप दी। 5 मई को हुई नीट-यूजी में गड़बड़ी, यूजीसी नेट रद्द होने और सीएसआईआर नेट स्थगित होने से सरकार पर कार्रवाई का दबाव था। इस बीच, स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को होने वाली नीट-पीजी परीक्षा भी टाल दी। मंत्रालय ने कहा, यह फैसला परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने के लिए जरूरी था। इसका आयोजन आयुर्विज्ञान में राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड करता है। नई तारीख बाद में आएगी। इस बार इस परीक्षा में 2 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी हैं।
नीट पर्चा लीक केस में बिहार एसआईटी ने झारखंड के देवघर में छापा मारकर 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में चिंटू कुमार भी है, जो मामले के मास्टरमाइंड संजीव मुखिया का सबसे करीबी है। एसआईटी सभी को पटना लाई है। वहीं, महाराष्ट्र के लातूर से नांदेड़ एटीएस ने जिला परिषद के दो शिक्षकों संजय जाधव और जलील खान को गिरफ्तार किया है।
अब तक इस केस में बिहार से 13, झारखंड से 8, महाराष्ट्र से 2 और गुजरात से 5 लोग गिरफ्तार हुए हैं। शिक्षा मंत्रालय ने एनटीए की परीक्षाओं में गड़बड़ी रोकने और पारदर्शिता लाने के लिए 7 सदस्यीय उच्च स्तरीय कमेटी का ऐलान किया। इसरो के पूर्व चेयरमैन और आईआईटी कानपुर के पूर्व डायरेक्टर के. राधाकृष्णन इसके प्रमुख हैं। कमेटी 2 माह में मंत्रालय को रिपोर्ट सौंपेगी।
जानिए कौन हैं सुबोध सिंह
साल 1997 बैच के छत्तीसगढ़ कैडर के IAS अफसर सुबोध सिंह यूपी के कानपुर के रहने वाले हैं। सुबोध सिंह के पिता कानपुर में ही प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थे। सुबोध सिंह ने शुरुआती शिक्षा के बाद आईआईटी रुड़की से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग (BE) की पढ़ाई की है। इसके बाद उन्होंने यहीं से मास्टर ऑफ इंजीनियरिंग (ME) किया। इसके अलावा उन्होंने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय इग्नू से एमबीए की पढ़ाई की।
सुबोध सिंह IAS की ट्रेनिंग के बाद साल 2018 में पहली पोस्टिंग मंडला जिले में बतौर असिस्टेंट कलेक्टर पद पर हुई। इसके बाद वह कोरिया के एसडीओ बनाए गए। छत्तीसगढ़ राज्य का गठन होने के बाद वह बस्तर जिले के पहले जिला पंचायत सीईओ बनाए गए थे। इसके बाद साल 2002 में उनकी नियुक्ति रायगढ़ डीएम के रूप में की गई। रायपुर और बिलासपुर के भी कलेक्टर रह चुके हैं।