RAIPUR. लोकसभा चुनाव-2024 के लिए मतगणना शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों में भी आज सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो गई है। सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती शुरू हुई है। शुरुआती रुझानों में भाजपा बढ़त बनाई हुई। अभी तक BJP 6 सीटों पर और कांग्रेस एक सीट पर आगे चल रही है। पूर्व सीएम भूपेश बघेल के अलावा बृजमोहन अग्रवाल व विजय बघेल भी अपने-अपने क्षेत्र से आगे चल रहे हैं। 12 बजे तक रुझान और शाम तक सभी परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में एक साथ मतगणना शुरू हो गई है। बताया गया कि कांकेर, बस्तर, कोरबा और सरगुजा के परिणाम पहले आ सकते हैं जबकि रायपुर, दुर्ग और राजनांदगांव के परिणाम सबसे देरी से आएंगे।
प्रदेश की 11 लोकसभा सीटों में 11 रिटर्निंग अधिकारी, 476 सहायक रिटर्निग अधिकारी, 4362 गणना कर्मी,1671 माइक्रो आब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं। इसके साथ ही भारत निर्वाचन आयोग ने 42 काउंटिंग ऑब्जर्वर नियुक्त किये हैं। सभी सीटों पर अधिकतम 12 से 24 राउंड तक गिनती की जाएगी।
इस बार सबकी नजर प्रदेश के बड़े चेहरों के जीत-हार पर रहेगी। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, बृजमोहन अग्रवाल, सरोज पांडेय, ताम्रध्वज साहू आैर शिव डहरिया जैसे नाम शामिल हैं। भूपेश राजनांदगांव, बृजमोहन रायपुर, सरोज पांडेय कोरबा आैर शिव डहरिया जांजगीर चांपा से प्रत्याशी बनाए गए हैं। दरअसल, छत्तीसगढ़ में चौथी बार लोकसभा के चुनाव हो रहे हैं। पिछले तीन चुनाव की तुलना में इस बार का चुनाव काफी दिलचस्प रहा। क्योंकि इस बार सत्ता में रही कांग्रेस के चुनाव हारने के बाद लोकसभा में ऐसे नेताओं को टिकट दी गई है जो पूर्व में सरकार का हिस्सा रहे हैं।
रायपुर क्षेत्र में सबसे पहले रायपुर उत्तर का आएगा परिणाम
लोकसभा चुनाव के वोटों की गिनती 4 जून को सुबह 8 बजे से न्यू जीईसी कॉलेज सेजबहार में शुरू हो गई है। इस दौरान मतगणना के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बिना पास के किसी की एंट्री नहीं है। जानकारी के अनुसार वोटों की गिनती कुल 133 राउंड में पूरी होगी। सबसे पहले रायपुर उत्तर विधानसभा के नतीजे आ जाएंगे। आखिर में रायपुर ग्रामीण के। बलौदाबाजार और भाटापारा विधानसभा के वोटों की गिनती बलौदाबाजार जिला मुख्यालय में होगी। वहां से नतीजे ऑनलाइन भेजे जाएंगे। राज्यभर में रायपुर लोकसभा में सबसे ज्यादा 38 उम्मीदवार होने की वजह से अंतिम नतीजों की घोषणा रात 8 बजे के बाद ही होगी।