BILASPUR. जलन की भावना के चलते एक युवक ने गर्लफ्रेंड के दोस्त को ही मजा चखाने के चक्कर में चाकू से हमला कर घायल कर दिया। मामला सरकण्डा थाना क्षेत्र का है जहां पर युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड को किसी दूसरे युवक के साथ घूमता देखा तो आग-बबूला हो गया और एक दिन बाद उस युवक पर चाकू से हमला कर दिया। मामले की शिकायत पुलिस में की गई है। पुलिस ने जुर्म दर्ज कर एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें, मामला सरकण्डा क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक राहुल केंवट की दोस्ती इस क्षेत्र में रहने वाली युवती से है। राहुल युवती के साथ घूम रहा था। इसे युवती के ब्वायफ्रेंड रेहान कुरैशी ने देख लिया। अपनी गर्लफ्रेंड को घुमाने के कारण वह राहुल से रंजिश रखे हुए था।
सोमवार की रात राहुल चिंगराजपारा में था। इसी दौरान रेहान और उसके साथ अली कुरैशी और शेरू खान आए। उन्होंने गर्लफ्रेंड को घुमाने की बात को लेकर राहुल से विवाद किया।
इसका विरोध करने पर रेहान और उसके साथियों ने राहुल पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। किसी तरह बचकर भागे राहुल ने घटना की जानकारी अपने परिवार को दी। परिवार के लोग उसे अस्पताल में उपचार के लिए लेकर गए।
घटना की शिकायत पर सरकण्डा पुलिस ने रेहान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वहीं शेरू खान को मंगलवार की शाम हिरासत में लिया गया। हमलावर अली कुरैशी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
पहले भी शहर में हुई चाकूबाजी
बता दें, कुछ दिन पूर्व भी शहर में चाकू बाजी की घटना हुई थी। सरकण्डा क्षेत्र में ही गन्ना रस संचालक के बेटे पर युवकों ने रंजिश रखते हुए चाकू से हमला कर दिया था। शहर में इस तरह की घटनाएं बढ़ रही है।