BILASPUR. लोकसभा चुनाव 2024 में शत-प्रतिशत मतदान हो इसके लिए जिले में हर किसी को जागरुक किया जा रहा है। वहीं जिले के बाहर रहने वाले प्रवासी श्रमिकों को भी मतदान के लिए आने कहा जा रहा है। निर्वाचन अधिकारी के अवनीश शरण के निर्देश पर आजा संगी मतदान करने बर अभियान में श्रम विभाग वीडियो व ऑडियो कॉल के माध्यम से मतदान के लिए श्रमिकों को प्रेरित कर रहा है।

बता दें, प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए तीसरे चरण में 7 मई को मतदान होना है। इसके लिए मतदाता जागरुकता कार्यक्रम तो चला ही रहे हैं। इसके अलावा खास तौर पर जिले से बाहर रह रहे श्रमिकों को भी मतदान का हिस्सा बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

यहीं वजह है कि श्रम विभाग आजा संगी मतदान करने बर अभियान के तहत मजदूरों से जुड़कर उन्हें मतदान की जानकारी के साथ ही मतदान करने के लिए आने कह रहा है।

इसके लिए सीधे तोर पर प्रवासी मजदूरों से संपर्क साधा जा रहा है। कॉल के अलावा वीडियो कॉल के जरिए भी उन्हें निमंत्रण दिया जा रहा है।

श्रम विभाग लगा है निमंत्रण देने में
जिले के श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों से संपर्क साधने का कार्य श्रम विभाग के अधिकारी-कर्मचारी कर रहे है। श्रम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक 10 सदस्यीय टीम बनाकर संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रतिदिन संपर्क कर मतदान की तिथि बताई जा रही है साथ ही उन्हें मतदान करने के अधिकार की जानकारी भी दी जा रही है।

39 हजार श्रमिकों को बुलाने का लक्ष्य
श्रम विभाग के मुताबिक जिले में 39 हजार श्रमिक पंजीकृत है। श्रम विभाग सभी पंजीकृत श्रमिकों से संपर्क साध रहा है। इसमें से अभी तक 12 हजार से अधिक श्रमिकों से वीडियो और वाइस कॉल के माध्यम से संपर्क किया जा चुका है।

विभाग का लक्ष्य है कि वे सभी पंजीकृत श्रमिकों से संपर्क साधे और उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करें।




































