RAIPUR. मां के भक्तों के लिए अच्छी खबर है। इस नवरात्रि में मां बम्लेश्वरी के दर्शन को पहुंचने वाले भक्तों को परेशानी न हो, इसलिए डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन में पांच एक्सप्रेस ट्रेन ठहरेगी। यह सुविधा अप व डाउन दोनों दिशा में मिलेगी। दरअसल, डोंगरगढ़ में नवरात्रि में तो पूरे नौ दिन मेला जैसा माहौल रहता है।

चैत्र नवरात्र नौ अप्रैल से प्रारंभ हो रहा है। इसे देखते हुए रेलवे ने दर्शनार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखकर एक्सप्रेस ट्रेनें के अस्थायी ठहराव देने का निर्णय लिया है। इसके अलावा कुछ ट्रेनों का विस्तार भी किया गया है, ताकि डोंगरगढ़ तक पहुंचने में किसी तरह की दिक्कत न हो।

रेलवे के मुताबिक अस्थायी ठहराव की सुविधा नौ से 17 अप्रैल तक मिलेगी। हालांकि सामान्य दिनों में यह ट्रेनें इस स्टेशन में नहीं रुकती। ऐसे में भक्तों को आगे या पीछे के उन स्टेशनों में उतरना पड़ता है, जहां इनका स्टापेज है। रेलवे दोनों पक्ष के नवरात्र में इसी तरह ट्रेनों के ठहराव की व्यवस्था करती है। इस दौरान इन ट्रेनों में आरपीएफ व जीआरपी के अतिरिक्त स्टाफ की ड्यूटी लगती है। यह स्टाफ श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखता है। इसके अलावा आपराधिक गतिविधियों पर नजर रहती है।

रेलवे के मुताबिक जिन ट्रेनों के ठहराव की सुविधा दी जा रही है, उनमें बिलासपुर- भगत की कोठी एक्सप्रेस शामिल है। यह ट्रेन डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन में 21:56 बजे पहुंचकर 21:58 बजे रवाना होगी। इसी तरह वापसी में यह ट्रेन 5:55 बजे पहुंचकर 5:57 बजे छूटेगी।

बिलासपुर-बीकानेर एक्सप्रेस 21: 56 बजे, बीकानेर-बिलासपुर एक्सप्रेस 5:55 बजे, बिलासपुर- चेन्नई एक्सप्रेस 12:19 बजे, चेन्नई-बिलासपुर एक्सप्रेस 10:33 बजे और बिलासपुर-पुणे एक्सप्रेस 14:41 बजे डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन में पहुंचेगी। इसी तरह पुणे-बिलासपुर एक्सप्रेस 12:15 बजे, रायपुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस 18:34 बजे और सिकंदराबाद- रायपुर एक्सप्रेस 10:46 बजे डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।

गोंदिया-दुर्ग मेमू पैसेंजर का रायपुर तक विस्तार
दर्शनार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखकर 08742/08741 गोंदिया-दुर्ग मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन का रायपुर तक विस्तार करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा तीन मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेनों को अस्थाई रूप पुन: परिचालन करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत आठ से 17 अप्रैल तक रायपुर-डोंगरगढ़ मेमू पैसेंजर, डोंगरगढ़- रायपुर मेमू पैसेंजर और 9 से 18 अप्रैल तक गोंदिया- डोंगरगढ़ मेमू पैसेंजर ट्रेन की सुविधा यात्रियों को मिलेगी।





































