BILASPUR. लीलागर नदी एनिकट में बुलेट से बंधी लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। लाश शिक्षा विभाग के कर्मचारी की बताई जा रही है। उसका शव बुलेट से बंधा हुआ था। जिसे देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के प्रयास से ऐसा किया गया होगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बता दें, घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक अमन मिरी उम्र 29 वर्ष शिक्षा विभाग में प्यून था और मस्तूरी में रहता था। उसकी पोस्टिंग लावर स्थित स्कूल में थी। शुक्रवार को महाशिवरात्रि की छुट्टी थी।
उसके परिजनों ने पुलिस को बताया कि अमन शुक्रवार सुबह घर से घूमने के लिए निकला था। दोपहर में वह घर आया और एक बार फिर अपनी बुलेट लेकर बाहर चला गया। घर वालों को लगा कि अमन घूमकर शाम तक लौट आएगा।
इस बीच शाम को लगभग 5 बजे मस्तूरी से कुछ ही दूरी पर स्थित देवगांव में लीलागर नदी पर बने एनीकट में लोगों ने शव देखा। पानी में लाश बाइक में बंधी थी। आसपास के लोगों ने उसकी पहचान कर घटना की जानकारी पुलिस व परिजनों को दी।
जताई जा रही हत्या की आशंका
पुलिस मौके पर पहुंची शुरूआती जांच में इसे हत्या का केस मानते हुए जांच कर रही है। जिस तरह से युवक की लाश बुलेट में बंधी मिली है। पुलिस को हत्या कर शव को ठिकाने लगाने का प्रयास लग रहा है।
पुलिस जांच करते हुए मृतक के परिजन व उसके दोस्तों से पूछताछ कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पोस्टमार्टम से होगा खुलासा
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक अभी बस हत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या से जुड़े कई खुलासे हो सकेंगे। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार है।