BHILAI. ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने गौमाता को राष्ट्र माता घोषित करने के लिए आंदोलन छेड़ दिया है। इसके साथ ही उन्होंने राजनैतिक पार्टियों के लिए भी बड़ा सवाल खड़ा कर दिया कि लोकसभा चुनाव में जो पार्टी राष्ट्र माता घोषित करने के इस मुद्दे को घोषणा पत्र में शामिल करेंगी हिन्दू उनको ही वोट देंगे।
भिलाई के छावनी चौक पर आज शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने 10 मिनट का सांकेतिक धरना देकर गौरक्षा को लेकर कानून बनाने की बात कही। उन्होंने ऐलान किया कि जब तक गाय को राष्ट्रमाता घोषित नहीं किया जाता तब तक वे अयोध्या राम के दर्शन करने नहीं जाएंगे। आज भिलाई से इस आंदोलन की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा कि इस आंदोलन में चारो पीठ के शंकराचार्य की सहमति है।
इस मौके पर महापौर नीरज पाल और विधायक देवेन्द्र यादव भी मौजूद थे। महापौर नीरज पाल ने छावनी चौक को गौमाता के नाम पर नामकरण किए जाने की घोषणा की। विधायक देवेन्द्र यादव ने महापौर नीरज यादव के संकल्प की तारीफ की और कहा कि भिलाई की जनता का गौ माता का संकल्प देश के कोने-कोने तक जाएगा।
गौरतलब है कि शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने पहले से ही इस बात की घोषणा कर दी थी कि वे गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के लिए पूरे देश में अभियान शुरू करेंगे। जिसकी शुरूआत आज उन्होंने कर दी है। और एक बार फिर वे बीजेपी कांग्रेस समेत राजनीतिक दलों को धर्मसंकट में डाल दिया है। बहरहाल लोकसभा चुनाव के लिए भी बिगुल बच चुका है अब देखना होगा कि शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के इस अभियान का राजनीतिक दलों और देश की जनता पर क्या प्रभाव पड़ता है।