KAWARDHA. छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने एक बच्ची का शव बरामद किया है। बच्ची की उम्र 7 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बच्ची की पत्थर से कुचलकर हत्या की गई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है। एक संदिग्ध को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

कबीरधाम जिले के पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि पुलिस को सिंघनपुरी थाना क्षेत्र के टाटावाही गांव के पास एक बालिका का शव मिलने की जानकारी मिली। सूचना के बाद घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।

SP डॉ. अभिषेक पल्लव ने बताया कि शव की प्रारंभिक चिकित्सीय जांच में बालिका के सिर पर पत्थर से गंभीर चोट लगने की जानकारी मिली है। यह पूछे जाने पर कि क्या हत्या से पहले बालिका के साथ दुष्कर्म किया गया था, इस पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद अधिक जानकारी मिल सकेगी।

एसपी अभिषेक पल्लव ने आगे बताया कि पुलिस ने एक संदिग्ध को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। वह पिछले छह-सात महीने से इलाके में रह रहा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मौके से जुटाए गए साक्ष्य और संदिग्ध से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और साक्ष्यों को जुटाने का प्रयास कर रही है।







































