RAIPUR. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज खुद पर FIR कराने को लेकर पीसी की। इस दौरान उन्होंने भाजपा और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। पूर्व सीएम ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले महादेव एप का जिन्न फिर बाहर आया है।
दिल्ली से आज खबर आई है कि महादेव एप मामले में EOW (आर्थिक अपराध शाखा) ने FIR दर्ज की है, जिसमें मेरा भी नाम है। एफआईआर की कापी में चार मार्च की तारीख दर्ज है और यह आज यानि 17 मार्च को प्रकाशित की गई।
महादेव सट्टा एप को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित 21 लोगों के खिलाफ रायपुर की आर्थिक अपराध शाखा ने एफआईआर दर्ज की है। भूपेश बघेल ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया।
उन्होंने इस FIR को राजनीतिक द्वेष बताते हुए कहा कि राजनांदगांव में BJP हार रही है, इसलिए FIR हुई है। नियमों के मुताबिक एफआईआर की कापी को तुरंत बेवसाइट में पोस्ट किया जाता है, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। 4 मार्च की एफआईआर को 17 मार्च को प्रकाशित किया गया।
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान भूपेश बघेल ने पीएम मोदी और सीएम विष्णुदेव साय पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी और विष्णु के सुशासन में महादेव सट्टा साय साय चल रहा है। मैं इन गीदड़ भभकियों से डरने वाला नहीं हूं। कहीं बीजेपी की महादेव ऐप वाले से सेटिंग तो नहीं हुई है? क्योंकि फ्यूचर गेमिंग कंपनी से भाजपा चंदा ले रही है।
भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस सरकार के समय महादेव ऐप पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने 72 FIR दर्ज कर 450 लोगों की गिरफ्तारी की। महादेव ऐप के एक हजार से ज्यादा बैंक खाते सीज किए गए।
सौरभ चंद्राकर, रवि उत्पल के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया। विधानसभा चुनाव के समय असीम दास गिरफ्तार हुआ। जिस गाड़ी में पैसा मिला, वह BJP नेता का भाई की है। दुबई काउंसलर ने शुभम सोनी के बयान को इंकार किया है और हाईकोर्ट में लिखित जानकारी दी है।