BILASPUR.जमीन विवाद का मामला सामने आया है। जिसमें रतनपुर क्षेत्र के रहने वाले चाचा ने अपने भतीजे को कमरे में बंद कर जानलेवा हमला कर दिया। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस में की है। जिसके बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

बता दें, रतनपुर क्षेत्र के ग्राम चोरहा देवरी में रहने वाली राजरानी भार्गव गृहिणी है। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है। जिसमें बताया कि गांव में भरकहाखार में 70 डिसमिल जमीन है। उनके ससुर की मौत के बाद जमीन सास उत्तरा बाई और चाचा ससुर सनत भार्गव के नाम पर है।

जमीन का बंटवारा करने के बाद उनके चाचा ससुर और पति अलग-अलग खेती करते है। महिला के चाचा ससुर ने अपने हिस्से की जमीन किसी के पास गिरवी रखी है। वहीं महिला क पति अमित अपने हिस्से की जमीन पर मकान बनवा रहा है।

मकान बनवाने के लिए रूपये की जरूरत होने पर अमित ने अपने हिस्से की जमीन को भी गांव के एक व्यक्ति के पास गिरवी रख दिया है। अमित के हिस्स की जमीन को अपना बताकर सनत आए दि विवाद करता है। रविवार की सुबह से सनत गाली-गलौज कर रहा था।

दोपहर करीब एक बजे अमित खेत से नहाकर आने के बाद अपने चाचा के घर चला गया। कुछ देर बाद ही अमित के चीखने की आवाज आने लगी। इसे सुनकर महिला और उसकी सास सनत के घर की ओर भागे। उनके पहुंचने तक अमित की आवाज आनी बंद हो गई। कमरा बाहर से बंद था।

राजरानी और उसकी सास ने बाहर से आवाज दी। इसे सुनकर सनत ने अमित की हत्या करने की बात कहीं। इस पर दोनों महिलाओं ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। तब तक खून बहकर दरवाजे के पास तक आ गया था।

इसे देखकर दोनों ही महिलाएं रोने लगी। गांव के लोगों ने इसकी सूचना डायल 112 को दी। साथ ही दरवाजे को बाहर से तोड़ने का प्रयास किया। राड और लाठी से मारने पर दरवाजा खुल गया। अंदर अमित लहूलुहान पड़ा था। गांव वालों की मदद से घायल अमित को अस्पताल भेजा गया।

घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस की टीम पहुंच गई। राजरानी के बयान के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।



































