RAIPUR. गणतंत्र दिवस परेड पर छत्तीसगढ़ की बेटियां अपना दम दिखाएंगी। 26 जनवरी को परेड के दौरान पूरे समय नारी शक्ति की झलक नजर आएगी। दरअसल, इस साल छत्तीसगढ़ से तैयार झांकी आदिवासी अंचल जगदलपुर की मुरिया दरबार की है। इस झांकी के सामने छत्तीसगढ़ की 16 बेटियां पारंपरिक वेशभूषा में 50 सेकंड तक नृत्य की प्रस्तुति देंगी।
इसके छत्तीसगढ़ कला, संस्कृति को प्रदर्शित करने यह नृत्य तैयार किया गया है। झांकी में टीम मुरिया जनजाति का परब नृत्य करते नजर आएंगी। नृत्य के लिए लोक कलाकार रिखी क्षत्रिय को जिम्मेदारी दी गई है।
इस नृत्य दल में 11 भिलाई से
झांकी के सामने नृत्य करने वाले दल में 17 सदस्य शामिल हैं। इनमें 11 भिलाई से हैं। भिलाई से शामिल सदस्यों में लोक कलाकार रिखीराम क्षत्रिय भिलाई, नेहा अखारा पाटन, प्रियंका साहू कुम्हारी, हेमा कसही पाटन, पलक कसही पाटन, उपासना तांडी स्टेशन मरोदा, चंचल जांगड़े कैम्प-1, प्रियंका साहू स्टेशन मरोदा, ईश्वरी स्टेशन मरोदा, अनुराधा स्टेशन मरोदा, कंचन क्षत्रिय स्टेशन मरोदा शामिल हैं। इनके अलावा खट्टी परसदा रायपुर से जागेश्वरी, बालोद से जया लक्ष्मी ठाकुर, शशि साहू, हितु साहू, तुमेश साहू और माधुरी शामिल हैं।
विश्व-प्रसिद्ध बस्तर दशहरे की एक परंपरा मुरिया दरबार
जानकारी देश के 28 राज्यों के बीच कड़ी प्रतियोगिता के बाद छत्तीसगढ़ की झांकी बस्तर की आदिम जनसंसद मुरिया दरबार को परेड के लिए चयनित किया गया है। भारत सरकार की थीम भारत लोकतंत्र की जननी पर आधारित है। इस झांकी में केंद्रीय विषय आदिम जन-संसद के अंतर्गत जगदलपुर के मुरिया दरबार और उसके उद्गम-सूत्र लिमऊ-राजा को दर्शाया गया है।
मुरिया दरबार विश्व-प्रसिद्ध बस्तर दशहरे की एक परंपरा है, जो 600 सालों से चली आ रही है। इस परंपरा के उद्गम के सूत्र कोंडागांव जिले के बड़े-डोंगर के लिमऊ-राजा नामक स्थान पर मिलते हैं। इस स्थान से जुड़ी लोककथा के अनुसार आदिम-काल में जब कोई राजा नहीं था, तब आदिम-समाज एक नीबू को राजा का प्रतीक मानकर आपस में ही निर्णय ले लिया करता था।