BILASPUR.सरकण्डा क्षेत्र में धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। जिसमें जालसाजों ने खुद को पेंशन ऑफिस का कर्मचारी बताया और बुजुर्ग को पेंशन रूक जाने की बात कहते हुए अपने झांसे में लिया। फिर उनसे 63 हजार रूपये की धोखाधड़ी कर दी। जिसकी शिकायत बुजुर्ग ने सरकण्डा थाने में की है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच में जुट गई है।
बता दें, सरकण्डा क्षेत्र के राजकिशोर नगर में लोयला स्कूल के पास रहने वाले एसईसीएल के रिटायर्ड कर्मचारी रविन्द्र नाथ राय जिनकी उम्र 68 वर्ष है। उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करते हुए बताया कि 14 जनवरी को उनको लगभग सुबह नौ बजे घर पर थे तब एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को पेंशन ऑफिस का कर्मचारी बताया।
उसने रिटायर्ड कर्मचारी को बताया कि उनका पेंशन कार्यालय में नहीं पहुंचा है। इससे पेंशन रूक जाने की बात कहीं। रिटायर्ड कर्मचारी ने कार्यालय जाकर अपना काम करा लेने की बात भी कहीं। इस पर जालसाजों ने बुजुर्ग को बातों में उलझाए रखा और ऑनलाइन पेंशन फार्म भरने की बात कही। इसके बाद पेंशन संबंधी जानकारी और बैंक एकाउंट के संबंध में पूछताछ करते हुए मोबाइल पर आए ओटीपी को पूछ लिया।
ओटीपी मिलते ही जालसाजों ने रिटायर्ड कर्मचारी के बैंक एकाउंट से दो बार में 63 हजार रूपये निकाल लिए। मोबाइल पर मैसेज देखकर कर्मचारी एटीएम से मिनी स्टेटमेंट निकालने पहुंचे। इसमें धोखाधड़ी की जानकारी होने पर वे सरकण्डा थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
नए-नए तरह से झांसा दे रहे लोगों को
पुलिस विभाग ने ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए बार-बार अलर्ट जारी किया है। इसके बाद भी इस तरह के केस बढ़ रहे है। कभी जमीन तो कभी तंत्र-मंत्र व केवाईसी अपडेट जैसे बातों को लेकर लोगों को झांसे में लेते हुए जालसाज धोखाधड़ी कर अपने काम को अंजाम दे रहे है।