BILASPUR.सरकण्डा क्षेत्र में चोरी का एक मामला सामने आया है जिसमें महिलाओं ने खुद को बेसहारा बताकर काम मांगने की बात कहीं और घर के अंदर गई। घर में घुसी महिलाओं ने 10 लाख के जेवर पार कर दिया। इसके बाद मकान मालिक को चकमा देकर भागने में कामयाब रहे। चोरी की जानकारी होने पर पीड़ित परिवार ने पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस की टीम तत्काल सक्रिय हो गई और संदेही महिलाओं को रेलवे स्टेशन में घेराबंदी कर पकड़ लिया।
बता दें, सरकण्डा क्षेत्र के राजकिशोर नगर में एक परिवार में वैवाहिक कार्यक्रम चल रहा है। इसी दौरान कुछ महिलाएं वहां पर काम मांगने के लिए पहुंच गई। श्रमिक की जरूरत होने पर मकान मालिक ने महिलाओं को काम पर रख लिया। काम के बहाने घुसी महिलाओं ने मकान मालिक से नजर बचाकर करीब 10 लाख के जेवर पर हाथ साफ कर दिया।
मकान मालिक को इसकी भजन तक नहीं लगी। कुछ ही देर बाद महिलाएं मकान मालिक को चकमा देकर भाग निकली। इधर जेवर गायब होने की जानकारी मिलते ही घर में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घटना की जानकारी सरकण्डा पुलिस को दी गई। इस पर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। प्राथमिक पूछताछ में काम मांगने आई महिलाओं पर संदेह करते हुए पुलिस की टीम उनकी तलाश में जुट गई। पुलिस की अलग-अलग टीम को रेलवे स्टेशन, बस स्टैण्ड रवाना किया गया।
इसके अलावा एक टीम शहर के सीसीटीवी कैमरे से महिलाओं की जानकारी जुटा रही थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि महिलाएं मस्तूरी की ओर गई है। पुलिस की टीम महिलाओं की तलाश में मस्तूरी और जयरामनगर पहुंच गई। जयरामनगर रेलवे स्टेशन में महिलाओं को पकड़ लिया गया। उनसे चोरी के जेवर जब्त किए गए है। पुलिस को आशंका है कि महिलाओं ने और भी घटनाओं को अंजाम दिया है। इसके आधार पर पूछताछ की जा रही है। देर रात पीड़ित भी शिकायत लेकर थाने पहुंच गए। उनसे जेवर के संबंध में जानकारी लेकर मिलान किया जा रहा है।