RAIPUR. छत्तीसगढ़ के धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने अयोध्या में आयोजित ‘श्री रामलला प्राण प्रतिष्ठा-रामोत्सव’ को छत्तीसगढ़ में भी भव्य रूप मनाने का निर्णय लिया है। मंत्री ने प्रदेशभर में सांस्कृतिक कार्यक्रम कराने के निर्देश विभागीय अफसरों को दिए हैं। विभाग ने कार्ययोजना बनाकर कलेक्टरों को निर्देश भी जारी कर दिए हैं। 22 जनवरी को संभागीय, जिला और विकासखंड स्तर पर कार्यक्रम होगा, जिसमें मानस मंडलियों को जोड़ा जाएगा।
प्रदेश में संचालनालय संस्कृति एवं राजभाषा के साथ पंजीकृत लगभग 4700 मानस मंडलियां हैं। राज्य शासन की घोषणा के अनुसार प्रत्येक मानस मंडली को प्रोत्साहन स्वरूप 5000 रुपये देने का निर्णय लिया गया है। जिलेवार मानस मंडलियों की सूची और धनराशि का आबंटन सचालनालय, संस्कृति एवं राजभाषा द्वारा सीधे प्रत्येक कलेक्टरों को उपलब्ध कराया जा रहा है। 22 जनवरी को धार्मिक स्थलों पर रोशनी की व्यवस्था भी करने कहा गया है।
धर्मस्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, प्रभु राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह संपूर्ण भारत के लिए आस्था का विषय है, इसलिए सामाजिक संस्था, मंदिर ट्रस्ट, मंदिर समितियों और आम जनमानस से इस दिव्य आयोजन को सफल बनाने सहयोग का आग्रह है। विकासखंड स्तर पर कार्यक्रम व्यवस्था के लिए 25000 दिए जाएंगे, जिसे पंजीकृत 5 मानस गायन दलों को प्रोत्साहन राशि 5000 दिया जाएगा। संभाग स्तरीय कार्यक्रम के लिए एक लाख दिए जाएंगे, जिसमें संभाग मुख्यालय में पंजीकृत प्रत्येक संभाग से 5-5 मानस गायन दलों को 5 हजार रुपये दिए जाएंगे।
मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि विकासखंडड स्तर से कम से कम ऐसे एक विशिष्ठ मंदिर में 22 जनवरी को दीप प्रज्जवलन, दीपदान एवं लाइटिंग व्यवस्था की जाएगी। उक्त मंदिर प्रांगण में प्रत्येक विकासखण्ड स्तर पर क्षेत्र के 5 मानस मंडलियों के मानस गायन का आयोजन 22 जनवरी को किया जाएगा। उसी तरह प्रत्येक संभाग एवं जिला मुख्यालयों में भी कम से कम एक प्रतिष्ठित मंदिर तय कर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।