NEW DELHI. शीतकालीन सत्र नई संसद में चल रहा है। इस दौरान सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। इसके बाद भी आज संसद भवन में सुरक्षा की बड़ी चूक हुई है। सुरक्षाकर्मियों को चकमा देते हुए दर्शक दीर्घा से छलांग लगा दी और इन लोगों ने स्मोक कैंडल जलाई। इसके बाद पूरी लोकसभा में धुंआ-धुआं नजर आने लगा. हालांकि बाद में इन दोनों को हिरासत में ले लिया गया।
इस घटना के बाद संसद के दोनों सदनों को स्थगित कर दिया गया। दोनों आरोपियों में से एक का नाम सागर है वहीं दूसरे के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। ये लोग स्मोक कैंडल जूतों में छिपाकर लाए थे, जो स्प्रे किया गया, उससे सुरक्षाकर्मियों को बारूद की गंध आई। इन दो विजिटर्स का मैसूर के सांसद का रेफरी पास बना हुआ था। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है।
इस सांसद ने पकड़ा युवक को
मुंबई उत्तर पूर्व से सांसद मनोज कोटक ने संसद में कूदने वाले को पकड़ा था, उसके बाद सुरक्षा कर्मी ने उसे क़ाबू किया। इस बीच, इसी तरह की एक घटना संसद के बाहर ट्रांसपोर्ट भवन के पास भी हुई, जहां पर एक 42 साल की महिला नीलन और 25 साल के अमोल शिंदे को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है। ये लोग भी परिवहन भवन के बाहर पीले रंग की स्मोक कैंडल जला रहे थे।
भयानक अनुभव था
टीएमसी सांसद सुदीप बंदोपाध्याय ने कहा कि यह एक भयानक अनुभव था। कोई भी अनुमान नहीं लगा सका कि उनका लक्ष्य क्या था और वे ऐसा क्यों कर रहे थे। हम सभी तुरंत सदन से बाहर चले गए, लेकिन यह एक सुरक्षा चूक थी. वे धुआं छोड़ने वाले उपकरणों के साथ कैसे प्रवेश कर सकते थे?